इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनेगा पंतनगर, ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए 1100 एकड़ भूमि का चयन
ऊधमसिंह नगर जिले का पंतनगर एयरपोर्ट अब अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनेगा। ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए चयनित 1100 एकड़ उपयुक्त पाई गई है। शनिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव प्रदीप खरोला और एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट की प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट सौंपी।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पिछले तीन वर्ष में उत्तराखंड में हवाई सेवा में काफी काम किया गया है। ढांचागत विकास के साथ देश और प्रदेश के कई क्षेत्रों के लिए हवाई सेवा शुरू की गई।
प्रदेश में पर्यटन, आपदा, सामरिक दृष्टि से हवाई सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना बेहद जरूरी है। इसके लिए सरकार की ओर से हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए जरूरी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा किया जाए।
1100 एकड़ जमीन भूमि का चयन ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए
ऊधमसिंह नगर जिला प्रशासन की ओर से ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के लिए 1100 एकड़ जमीन भूमि का चयन किया गया है। भविष्य में इसे इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप खरोला, एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया के चेयरमैन अरविंद सिंह ने मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह व अन्य अधिकारियों के साथ चयनित भूमि का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री को प्री-फिजिबिलिटी रिपोर्ट सौंपी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के नागरिक उड्डयन सलाहकार कैप्टन दीप श्रीवास्तव, सचिव दिलीप जावलकर, अपर सचिव सोनिका, जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नीरज खैरवाल आदि मौजूद थे।
अभी जौलीग्रांट से भी छोटा है पंतनगर एयरपोर्ट
पंतनगर एयरपोर्ट देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से भी छोटा है। वर्तमान में पंतनगर एयरपोर्ट 267 एकड़ भूमि में स्थापित है। 530 वर्गमीटर का यात्री टर्मिनल है। इसकी क्षमता 50 यात्रियों की है। ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनने से बड़े विमानों की आवाजाही शुरू होने से लोगों को बेहतर हवाई सेवाएं मिलेगी।