बालिका दिवस पर महिलाओं को पैनिक बटन और शी बॉक्स की सौगात, ऐसे करेगा काम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर उत्तराखंड की मातृशक्ति को प्रदेश सरकार ने सुरक्षा की सौगात भेंट की है। बालिकाओं के सशक्त बनाने के लिए राज्य मंत्री रेखा आर्य ने पैनिक बटन एंव शिकायत पंजीकरण पोर्टल (शी-बॉक्स) परियोजना का शुभारंभ किया।
बृहस्पतिवार को बालिका दिवस पर किसान भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिला कल्याण एवं बाल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने दीप जलाकर किया। इस दौरान उन्होंने संबोधन में कहा कि महिलाओं से ही समाज है।
उन्होंने कहा अक्सर सवाल उठता है कि भाजपा के कार्यकाल में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ होने वाली घटनाओं में इजाफा हुआ है। कहा कि घटनाएं पहले भी होती थी लेकिन, वह प्रकाश में नहीं आ पाती थी।
अब महिलाएं चूंकि मुखर हो गई हैं। इसलिए अब घटनाएं प्रकाश में आ जाती हैं। कहा कि यह निर्भीक महिलाओं की ही निशानी है कि मीटू अभियान के रूप में उभरा है और 10-20 साल पुराने उत्पीड़न के मामलों के खिलाफ भी आवाज उठा रही हैं। वहीं इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के चार जिलों देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी एवं टिहरी जिले से आई 200 महिलाओं को मुफ्त पैनिक बटन वितरित किए।
साथ ही उन्होंने भारत सरकार की शी-बॉक्स योजना का भी शुभारंभ किया। कहा कि महिला सुरक्षा के लिए यह बेहद अहम योजना है। पैनिक बटन में पुलिस कंट्रोल रूम और महिला हेल्प लाइन के नंबर रहेंगे। वहीं शी बॉक्स में महिलाएं ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकती हैं। इसमें 90 दिनों के भीतर शिकायत का निस्तारण करना होगा।
इस अवसर पर उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भी राज्यमंत्री रेखा आर्य को ज्ञापन सौंपा। उनकी चार सूत्रीय मांगों को पूरा करने का आश्वासन देते हुए मंत्री आर्य ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां शासन-प्रशासन की रीढ़ की हड्डी की तरह हैं। उनकी मांगो को प्राथमिकता के साथ सुना जाएगा और जल्द इसपर कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे काम करेगा ‘पैनिक बटन’
डिवाइस में किसी भी 10 परिचित लोगों के मोबाइल नंबर फीड करने होंगे। किसी भी आपातकालीन स्थिति में होने पर महिला को डिवाइस का पैनिक बटन दबाना होगा। इसके बाद महज पांच सेकेंड के भीतर डिवाइस में फीड किए गए दस लोगों के मोबाइल पर मैसेज पहुंचेगा ‘प्लीज हेल्प मी’ आइएम इन डेंजर साथ ही लोकेशन भी बताई जाएगी। इसके साथ ही यह मैसेज महिला एवं बाल विकास विभाग व पुलिस को भी खुद पहुंच जाएगा। जिससे विभाग और पुलिस समन्वय बिठाकर पीड़ित महिला को तत्काल मदद मुहैया कराएंगे।
साड़ी घोटाले में होगी जांच
सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को साड़ियां वितरित की गई थी। इसके बाद कार्यकत्रियों ने शिकायत की कि साड़ियों की लंबाई बेहद कम है। जिसे सूट बनाने में भी इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। मामले में मंत्री रेखा आर्य ने जांच बैठाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।