पंचायत चुनावः रात साढ़े दस बजे तक हुआ मतदान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छोटी सरकार चुनने के लिए उत्तराखंड के विकासनगर और चकराता ब्लाक में खासा उत्साह रहा। बूढ़े, जवान और बीमार तक पोलिंग बूथों पर मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे।
हालत यह रहे कि कई केंद्रों पर रात साढ़े दस बजे तक लोग वोट डालने के लिए डटे रहे। इसी के साथ प्रथम चरण के पंचायत चुनाव में चकराता और विकासनगर ब्लाक के 1495 उम्मीदवारों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो गया है।
अब 27 जून को इन उम्मीदवारों की हार-जीत से किस्मत का फैसला होगा। विकासनगर ब्लॉक में एक लाख दस हजार 557 और चकराता में 49 हजार 299 मतदाताओं में से लगभग 76 फीसदी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के दौरान कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हुई
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए बुधवार को हुए मतदान में विकासनगर में करीब 73 फीसदी और चकराता में 79.62 फीसदी वोट पड़ा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुए मतदान के दौरान कहीं भी अप्रिय घटना नहीं हुई।
कुछ बूथों पर प्रत्याशियों के समर्थकों में हल्की नोक-झोंक जरूर हुई। तमाम सावधानियों के बावजूद कई जगहों पर वोटर लिस्ट से मतदाताओं के नाम गायब मिले तो कई जगहों पर बैलेट पेपर में कई प्रत्याशियों के चुनाव चिह्न गायब मिले।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार पांडे ने बताया कि अधिक उम्मीदवार होने के कारण चुनाव में कुछ स्थानों से शिकायतें आई हैं।
मतदान के लिए भारी पुलिस बल तैनात
सुबह सात बजे से शुरू हुआ मतदान कई बूथों पर देर रात तक चला। वोट डालने के लिए मतदाताओं में सुबह से ही भारी उत्साह देखा गया।
सुबह 11 बजे तक विकासनगर विकासखंड में 22 और चकराता में 12:30 बजे तक 33 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर तीन बजे चकराता में 70 और विकासनगर में 53 प्रतिशत मतदान हुआ।
रात साढ़े दस बजे तक कई बूथों पर वोट डाले गए। इस दौरान शांतिपूर्ण मतदान के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। कुल्हाल, डाकपत्थर बैराज और दर्रारेट बार्डर पर बाहर से आने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
सभी बार्डर सील रहे। जिलाधिकारी डा. बीवीआरसी पुरुषोत्तम, एसएसपी अजय रौतेला समेत सभी सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों ने बूथों का निरीक्षण कर मतदान का जायजा लिया।