नामांकन जुलूस के दौरान बनाया वीडियो हुआ वायरल, लग रहे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के काशीपुर मे प्रधान पद के नामांकन जुलूस के दौरान बनाया गया वीडियो वायरल होने से ग्राम बरखेड़ा पांडे में दो गुट आमने-सामने आ गए। एक पक्ष ने प्रत्याशी के समर्थकों पर जुलूस में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का आरोप लगाया तो दूसरे पक्ष ने वीडियो से छेड़छाड़ कर वायरल करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की ओर से इस संबंध में पुलिस को तहरीर सौंपी गई हैं। एएसपी ने दोनों पक्षों की शिकायत सुनकर वायरल हुई वीडियो की जांच एक्सपर्ट टीम से कराने की बात कही है।
बरखेड़ा पांडे के ग्राम प्रधान पद के लिए निवर्तमान प्रधान सरफराज उर्फ छोटू के भाई फिरोज आलम और बहन गजाला ने नामांकन दाखिल किया। मंगलवार को उनका नामांकन जुलूस निकाला गया। इस दौरान उनके समर्थकों ने फेसबुक लाइव वीडियो बनाई। इस वीडियो में समर्थक निवर्तमान प्रधान के पक्ष में नारेबाजी करते दिख रहे हैं।
इसमें से एक वीडियो को दूसरे पक्ष के उदयराज आदि ने अपनी फेसबुक पर अपलोड कर दिया। इसमें दो बार पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे की आवाज भी सुनाई दे रही है। अपलोड वीडियो के साथ उसने प्रत्याशी विशेष के समर्थकों पर पाक के समर्थन में नारेबाजी करने का आरोप लगाया। यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्ट्या जांच में आपत्तिजनक नारे लगाने के आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है। उधर, एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ मनोज ठाकुर ने भी थाने पहुंचकर दोनों पक्षों की शिकायत सुनीं। उन्होंने इस वीडियो की एक्सपर्ट टीम से जांच कराने की बात कही है।
एक पक्ष के सरफराज का कहना था कि नामांकन के दौरान किसी ने आपत्तिजनक नारे नहीं लगाए हैं। उनके समर्थन में नारेबाजी की है। उनके समर्थकों ने पुलिस को उसी समय के अलग-अलग वीडियो सौंपे।
विवादित वीडियो में भी वही युवक वीडियो बनाते दिख रहे हैं। एएसपी ने कहा कि चुनाव के दौरान शांति भंग करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा और किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अगर किसी पक्ष को उक्त वीडियो आपत्तिजनक लगता था तो उसे वायरल करने की बजाय पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए थी। वायरल वीडियो की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. जगदीश चंद्र, एएसपी काशीपुर।