काॅर्बेट पार्क की बिजरानी रेंज में 10 सितंबर से खुलेगी बुकिंग, 15 अक्टूबर से शुरू होगी जंगल सफारी
- जंगल सफारी के लिए साथ लानी होगी 96 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दस सितंबर से काॅर्बेट पार्क के बिजरानी जोन में डे विजिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लेकर आने वाले पर्यटक 15 अक्टूबर से बिजरानी जोन में जंगल सफारी करेंगे। इसके लिए पार्क प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। यह फैसला कोरोना काल में पर्यटन सत्र को पटरी पर लाने के लिए सोमवार को हुई लोकल एडवाइजरी बोर्ड की बैठक में लिया गया।
सोमवार को कॉर्बेट प्रशासन ने पर्यटन व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। 15 अअक्टूबर से बिजरानी जोन के खुलते ही कॉर्बेट पार्क का पर्यटन सत्र शुरू हो जाएगा, जबकि ढिकाला जोन 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोला जाएगा।
काॅर्बेट टाइगर रिजर्व की उपनिदेशक कल्याणी ने बताया कि आगामी पर्यटन सीजन के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की गई। महत्वपूर्ण मुद्दा जिप्सियों के रजिस्ट्रेशन को लेकर था। सभी एसोसिएशन के अध्यक्ष ने पुरानी 307 जिप्सियों के रजिस्ट्रेशन पर सहमति जताई है। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर रखी गई है।
96 घंटे पहले की रिपोर्ट पर ही मिलेगी एंट्री
इसके बाद नई जिप्सियों का रजिस्ट्रेशन नहीं किया जाएगा। 96 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट लाने पर ही पर्यटकों को सफारी की इजाजत दी जाएगी। पार्क वार्डन आरके तिवारी ने बताया कि डे विजिट के लिए ऑनलाइन बुकिंग दस सितंबर से शुरू की जा रही है, ताकि पर्यटक अपनी बुकिंग पहले ही करा सकें।
बातचीत काफी सकारात्मक रही : हरि सिंह मान
रिजॉर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान ने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन को लेकर वार्ता हुई है। इसमें पर्यटन सीजन को सुचारु रूप से चलाने के लिए सहमति बनी है। बातचीत काफी सकारात्मक रही है। जिप्सी एसोसिएशन के अध्यक्ष गिरीश धस्माना ने बताया कि बैठक सकारात्मक रही और तकरीबन सभी बिंदुओं पर सहमति बनी है। बैठक में रेंजर राजकुमार, राजेंद्र सिंह चकरायत, स्वागती कक्ष प्रभारी ललित मोहन आर्य आदि मौजूद रहे।