उत्तराखंड: छह आईपीएस और तीन पीपीएस का हुआ तबादला, अब ये होंगे देहरादून के नए एसएसपी
सरकार ने देहरादून और हरिद्वार जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बदल दिए हैं। एसएसपी देहरादून निवेदिता कुकरेती की जगह अब सेनानायक आईआरबी द्वितीय अरुण मोहन जोशी को प्रभार दिया गया है। वहीं हरिद्वार के एसएसपी जन्मेजय खंडूड़ी को हटाकर सेंथिल आबुदई को तैनाती दी गई है। शासन ने शुक्रवार को छह आईपीएस और तीन पीपीएस अफसरों के भी तबादला आदेश जारी किए हैं।
एसएसपी देहरादून निवेदिता कुकरेती का तबादला पुलिस अधीक्षक अधिसूचना मुख्यालय देहरादून व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उत्तराखंड पावर कार्पोरेशन लिमिटेड सतर्कता सेल पर किया गया है। एसएसपी हरिद्वार जन्मेजय खंडूड़ी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला 2021 व सेनानायक आईआरबी द्वितीय का जिम्मा दिया गया है।
सेंथिल आबुदई हरिद्वार के नए एसएसपी
पुलिस अधीक्षक सतर्कता मुख्यालय देहरादून के पद पर तैनात सेंथिल आबुदई हरिद्वार के एसएसपी बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक बागेश्वर लोकेश्वर सिंह को पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) हल्द्वानी और पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) हल्द्वानी प्रीति प्रियदर्शनी को पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के पद पर भेजा गया है।
इसके अलावा पीपीएस अधिकारी अपर पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) देहरादून मणिकांत मिश्र को अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून, अपर पुलिस अधीक्षक सीआईडी सेक्टर देहरादून सरिता डोभाल को अपर पुलिस अधीक्षक (क्षेत्रीय) देहरादून और उप सेनानायक एसडीआरएफ जौलीग्रांट देहरादून हरबंस सिंह को उत्तराखंड पावर कार्पोरेशन लिमिटेड सतर्कता सेल पद पर स्थानांतरित किया गया है।