Neet Topper 2022: प्रदेश में टॉप कर देहरादून की रिया ने किया नाम रोशन, कहा- हमेशा से देखा डॉक्टर बनने का सपना
नीट परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली रिया ने बताया कि 12वीं की कक्षा पास करने के बाद ही उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा था। रिया ने कहा कि शिक्षकों और परिवार के सहयोग से उन्हें यह सफलता मिली है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2022 का परिणाम बुधवार देर रात जारी कर दिया। जारी सूची के अनुसार, उत्तराखंड में रिया ने 700 अंकों (99.9943896 परसेंटाइल) के साथ प्रदेश में टॉप किया है। रिया ने ऑल इंडिया 77वीं रैंक हासिल की है।
वहीं, अभय कुमार ने एससी कैटेगरी में 685 (99.965374 परसेंटाइल) के साथ ऑल इंडिया 535 वीं रैंक हासिल की। बता दें कि नीट यूजी 2022 की परीक्षा 17 जुलाई को आयोजित की गई थी। परीक्षा में 18,72,343 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें 17,64,571 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा में 9,93,069 छात्र सफल रहे।
ये भी पढ़ें... Neet Topper 2022: उत्तराखंड टॉपर रिया ने साझा किया परीक्षा की तैयारी का अनुभव, बताया अपनी सफलता का राज
देहारदून की रिया ने 700 अंकों (99.9943896 परसेंटाइल) के साथ प्रदेश में टॉप किया है। रिया ने बताया कि 12वीं की कक्षा पास करने के बाद ही उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा था। शिक्षकों और परिवार के सदस्यों के सहयोग से यह सफलता मिली है। नीट परीक्षा पास करने के लिए रिया ने दो साल के क्लासरूम प्रोग्राम में आकाश बायजुस में दाखिला लिया।
रुड़की के मोहित ने छठे प्रयास में पाई सफलता
रुड़की के मोहित पाल ने दिखा दिया है कि जब हौसला है तो मंजिल आसान हो जाती है। मोहित के पिता ट्रक चालक हैं। उन्होंने नीट में 576 अंक हासिल किया है। छठे प्रयास में मोहित को यह कामयाबी मिली है। मोहित ने शिवालिक स्कूल रुड़की से वर्ष 2016 में 12वीं की। सपना डॉक्टर बनने का था तो मेडिकल की तैयारी में जुट गए। मोहित के परिवार की आर्थिक स्थिति देख बलूनी क्लासेज ने उन्हें निशुल्क कोचिंग दी। मोहित ने बताया कि उनके पिता प्रमोद कुमार पाल ट्रक चलाते हैं। मां सरस्वती गृहिणी हैं। बड़े भाई जय और बहन नेहा प्राइवेट नौकरी करते हैं। बताया कि कई प्रयासों के बाद भी उन्हें अपेक्षाकृत सफलता नहीं मिल रही थी। ऐेसे में वर्ष 2020 में उन्होंने स्नातक में दाखिला ले लिया। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा भी दे दी थी। वेटनरी कोर्स में प्रवेश भी मिल रहा था, पर मन नहीं माना। इसी बीच उन्होंने एक आखिरी कोशिश करने का मन बनाया और अब उनका सपना पूरा होने जा रहा है।
नीट में हरिद्वार के छात्र-छात्राओं ने लहराया परचम
नीट परीक्षा परिणाम में हरिद्वार के मेधावी बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है। मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं ने सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया है। कोटा क्लासेस के महानिदेशक रवि वर्मा ने बताया कि नीट की परीक्षा में सिद्धांत कोठारी ने 622 अंक प्राप्त किए हैं। सिद्धांत ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा में भी 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। दीया भट्ट ने 584 अंक हासिल किए हैं। सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया। सुमंत एवं आकाश गिरि ने 575 अंक प्राप्त किए हैं। जनरल केटेगरी के 25 छात्रों ने 550 से ऊपर अंग प्राप्त किए हैं। ओबीसी एवं एससी/एसटी केटेगरी से 15 छात्रों ने सफलता हासिल की है। रवि वर्मा ने बताया कि संस्थान के 40 छात्रों को एमबीबीएस मिलने की संभावना है। आकाश इंस्टीट्यूट के निखिल गुप्ता ने एआईआर में 1170वां, दरबारा सिंह ने 1315वां, अनिष्का कौशिक ने 1378वां और पुनर्वासु पांडे ने 5047वां स्थान प्राप्त किया है। वहीं नंद विहार कालोनी की मोनिका अग्रवाल ने 618 अंकों के साथ 13282वीं रैंक हासिल की है।
ऋषिकेश के सिद्धांत को मिले 622 अंक
नीट 2022 की परीक्षा में सिद्धांत कोठारी ने 622 अंक प्राप्त किए हैं। सिद्धान्त ने इसी साल डीएसबी गुमानीवाला से 12वीं की परीक्षा में 91 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा दिया भट्ट ने 584 अंक और सुमंत और आकाश गिरी ने 575 अंक प्राप्त किए हैं। सिद्धांत कोठारी ने बताया कि उनके पिता दिवंगत रमेश कोठारी स्टेट बैंक कर्मचारी थे। मां मंजू कोठारी गृहणी हैं। बीते तीन साल से वह एक संस्थान से तैयारी कर रहे हैं। उनका फोकस केवल पढ़ाई पर रहता है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने परिजनों और गुरुजनों को दिया है। सिद्धांत के चाचा राकेश कोठारी ने बताया कि उनका भतीजा पढ़ाई में अच्छा है।