नैनीताल: टोल टैक्स को लेकर एमबीआर गेट पर हुई फायरिंग, एक वाहन स्वामी घायल
ऊधमसिंह नगर की सीमा पर जिला पंचायत नैनीताल की ओर से नंधौर नदी से उपखनिज ढोने वाले वाहनों से शुल्क लेने को लेकर मंगलवार को हंगामा हो गया। शुल्क वसूलने से नाराज वाहन स्वामियों ने जाम लगा दिया। आरोप है कि शुल्क वसूलने वालों ने आठ से दस राउंड हवाई फायरिंग कर दी। इससे वहां अफरातफरी मच गई। एक गोली वाहन स्वामी को लगी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग से गुस्साए वाहन स्वामियों ने दो घंटे तक जाम भी लगाया।
जिला पंचायत कुछ महीने से नंधौर नदी से उपखनिज ढोने वाले वाहनों से लदान-ढुलान शुल्क वसूल रही थी। वाहन स्वामियों के विरोध के बाद कुछ सप्ताह से नंधौर वालों से शुल्क नहीं लिया जा रहा था। मंगलवार को जिला पंचायत के 10 से 12 लोगों ने फिर वाहनों से शुल्क लेना शुरू कर दिया। इसका वाहन स्वामियों ने विरोध किया। इस कारण सड़क किनारे वाहनों की लंबी लाइन लग गई। कुछ वाहन स्वामियों की वसूली कर रहे युवकों से कहासुनी हो गई।
वाहन स्वामियों का कहना था कि युवक खनन गेट पर जाकर पर्ची काट रहे हैं। आरोप है कि कहासुनी के बीच तनातनी बढ़ी तो युवकों ने आठ से दस राउंड गोलियां चला दीं। एक गोली मोहम्मद हसन पुत्र मोहम्मद इरफान निवासी वार्ड नंबर 8 सितारगंज ऊधम सिंह नगर के हाथ पर लग गई। उसके घायल होने से जिला पंचायत के कर्मचारी और वसूली कर रहे युवक फरार हो गए। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष संजय जोशी ने घायल को 108 से अस्पताल भिजवाया। हंगामे के चलते एमबीआर कांटा चार घंटे बंद रहा। लालकुआं के सीओ बलजीत सिंह भाकुनी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली।
फुटेज में तीन युवक नजर आए
वन विकास निगम के कांटे के सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक नजर आ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तीनों की तलाश की जा रही है। मौके से चार खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं।
विरोध करने पर मारपीट भी की
इरफान का कहना है कि वसूली कर रहे तीन युवक एमबीआर गेट पर पहुंचकर वसूली की रसीद काटने लगे। उन्होंने इसका विरोध किया तो पहले मारपीट फिर हवाई फायरिंग कर दी। एक गोली उनके हाथ में दूसरी पास में खड़ी मोटरसाइकिल के शीशे पर लगी।
जिला पंचायत की अवैध वसूली बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला पंचायत गुंडों के बल पर जबरन वसूली करना चाहती है।
गुरदीप सिंह चौहान, अध्यक्ष, खालसा यूनियन
नदी से उपखनिज के खनन पर बाहरी जिलों को जाने वाली गाड़ियों के लिए जिला पंचायत की ओर से 100 रुपये टैक्स की व्यवस्था है। इसका टेंडर मार्च में रिन्यू होना था जो लॉकडाउन की वजह से नहीं हो पाया। दिसंबर में टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अभी जो वसूली हो रही है वह विभाग की ओर से हो रही है और इसे जिला पंचायत के कर्मचारी ही कर रहे हैं। वसूली कहीं से भी अवैध नहीं है। मंगलवार को जो घटना हुई है वह टोल केंद्र से 100 मीटर आगे की है।
- बेला तोलिया, जिला पंचायत अध्यक्ष, नैनीताल