देहरादून: पटरी से उतरी मसूरी एक्सप्रेस की दो बोगियां, कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून रेलवे स्टेशन पर उज्जैनी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के ठीक एक दिन बाद मसूरी एक्सप्रेस की दो बोगियां पटरी से उतर गईं। गनीमत रही कि ट्रेन में यात्री नहीं थे। हादसे की वजह से ट्रेनों संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद बोगियों को ट्रैक से हटाया गया, जिसके बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
शुक्रवार दुपहर करीब 2:30 बजे रेलवे स्टेशन पर देहरादून-मसूरी एक्सप्रेस की शंटिंग हो रही थी। इसी बीच रेलवे लाइन में तकनीकी खामी आने की वजह से ट्रेन की दो बोगियां तेज धमाके साथ पटरी से उतर गईं।
इससे अधिकारियों, कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल के अलावा तमाम अधिकारी, अभियंता, पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बोगियों को पटरी पर लाया जा सका।
इस दौरान दून- हावडा़, दून-अमृतसर, दून-वाराणसी, दिल्ली से आने वाली जनशताब्दी, लिंक एक्सप्रेस, काठगोदाम जैसी ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। जिसकी वजह से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा शंटिंग लाइन के क्षतिग्रस्त होने व मरम्मत कार्यों के चलते दिल्ली, प्रयागराज से आने वाले ट्रेनों को प्लेटफार्म पर लाने में दिक्कत हुई। जिसकी वजह से ये ट्रेनें कई घंटे की देरी से देहरादून पहुंचीं। दूसरी ओर दुर्घटना के बाद जांच के आदेश जारी किए गए हैं। स्टेशन अधीक्षक एसडी डोभाल ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जाएगी। यदि किसी की लापरवाही से दुर्घटना हुई होगी, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
हो सकती है कड़ी कार्रवाई
एक दिन पूर्व मुरादाबाद मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश ने आला अधिकारियाें के साथ स्टेशन का औचक निरीक्षण किया था और उज्जैनी एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अफसरों, अभियंताओं को फटकार लगाई थी। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि भविष्य में इस तरह की घटनाएं हुईं तो संबंधित के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीआरएम की इस हिदायत को चौबीस घंटे बीते थे कि मसूरी एक्सप्रेस पटरी से उतर गई। ऐसे मेें इस प्रकरण में अधिकारियों, अभियंताओं पर कार्रवाई होना तय है।