{"_id":"687ff4a6399663031a0dd524","slug":"more-than-255-sacks-of-salt-were-found-in-the-warehouse-vikas-nagar-news-c-5-1-drn1013-745208-2025-07-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Dehradun News: गोदाम में सरकारी नमक के 255 से अधिक कट्टे मिले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Dehradun News: गोदाम में सरकारी नमक के 255 से अधिक कट्टे मिले
विज्ञापन
कोतवाली पुलिस ने विकासनगर कृषि मंडी में एक एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा। यहां सरकारी नमक के 255 (प्रति कट्टा 25 किलोग्राम) से अधिक कट्टे मिले। एजेंसी का संचालक पूर्व में सरकारी नमक बनाने वाली गुजरात की कंपनी के माल का परिवहन करता था। उसका अनुबंध निरस्त कर दिया गया था। अनुबंध निरस्त होने के बाद भी उसने उत्तरकाशी भेजने के लिए रखा गया नमक न पहुंचाया न ही वापस किया। पुलिस ने एजेंसी और गोदाम के मालिक तनिष्क गुप्ता के खिलाफ वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गोदाम को सील भी कर दिया गया है। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि रविवार को पुलिस को चार-पांच माह पहले गुजरात से उत्तरकाशी भेजे गए नमक के गायब होने की सूचना मिली थी। यह भी सूचना मिली कि नमक को विकासनगर मंडी में एक ट्रक में लोड किया जा रहा है। पुलिस गोदाम पर पहुंची और बाहर खड़े ट्रक को रोक लिया। गोदाम गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी के संचालक तनिष्क गुप्ता का था। गोदाम के भीतर से पुलिस को बड़ी मात्रा में नमक के कट्टे मिले। गोदाम के मालिक ने बताया कि उन्हें 12 मार्च 2025 को गुजरात की माल गांधार फूड प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड (आरोग्य एंटरप्राइजेज) से नमक केे 2704 बैग (प्रति बैग एक किलोग्राम) भेजे गए थे। इसमें से 30 बैग खराब थे। बार-बार कंपनी को सूचित करने के बाद भी माल को नहीं उठाया गया। वह माल को गोशाला में डालने के लिए लोड कर रहा था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक रेखा शर्मा को फोन कर मौके पर बुलाया गया। उनके साथ पूर्ति निरीक्षक सहसपुर व कालसी जितेंद्र जोशी व पूर्ति निरीक्षक राहुल बहुगुणा मौके पर पहुंचे। पूर्ति विभाग के निरीक्षकों ने नमक के सरकारी वितरण प्रणाली का होने की पुष्टि की। पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र जोशी ने बताया कि नमक के 255 कट्टों की गिनती की गई थी। कट्टे उससे अधिक हैं। उन्होंने बताया कि एजेंसी संचालक का कंपनी के साथ परिवहन का अनुबंध था पर काफी समय पहले निरस्त कर दिया गया था। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि आरोपी एजेंसी व गोदाम संचालक के खिलाफ वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन