बदरीनाथ और केदारनाथ में मौसम का हाई अलर्ट
मौसम विभाग के भारी बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए रुद्रप्रयाग जनपद में अलर्ट घोषित किया गया है। खासकर केदारनाथ समेत ऊंचे स्थानों में हाई अलर्ट है।
डीएम द्वारा सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है। साथ ही लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील भी की गई है।
क्या कहता है मौसम का पूर्वानुमान, जानिए
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि मौसम विभाग द्वारा 19 व 20 जून को जिले में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए पूरी सतर्कता बरती जा रही है। दूसरी तरफ सोमवार को सुबह पांच बजे से केदारनाथ व पड़ावों पर रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही।
इस दौरान बाबा केदार के दर्शनों को मंदिर में पहुंचे श्रद्धालुओं को भी खासी मुश्किलें झेलनी पड़ी। दोपहर बाद भी धाम में मौसम का मिजाज बिगड़ रहा। साथ ही मंदिर क्षेत्र से लेकर घाटी में कोहरा छाया रहा।
इधर, रुद्रप्रयाग व अन्य क्षेत्रों में दोपहर बाद ढाई बजे से शुरू तेज बारिश तीन बजे तक रही। इसके बाद भी आसमान में बादल छाए रहने से पुन: बारिश की संभावना बनी रही।
इसके बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन ने बदरीनाथ धाम जा रहे करीब तीन सौ यात्रियों को पांडुके श्वर में रोक लिया है। मौसम साफ होने पर यात्रियों को बदरीनाथ जाने की अनुमति दी जाएगी।