खनन करने से रोका तो किसान पर धारदार हथियार से बोला हमला, तीन हायर सेंटर रेफर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के लक्सर में खनन का विरोध करना ग्रामीणों को भारी पड़ गया। नाराज खनन माफिया ने विरोध करने वाले किसानों पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया। साथ ही कई राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे दहशत फैल गई। हमले में तीन किसान गंभीर घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी के डॉक्टरों ने हायर सेंटर भेज दिया। दूसरी ओर, पुलिस तहरीर मिलने पर कार्रवाई का भरोसा दे रही है।
कोतवाली क्षेत्र के दरगाहपुर गांव निवासी किसान इलमचंद और भोपाल ने जंगल में स्थित कृषि भूमि पर खेतीबाड़ी के साथ-साथ सब्जी भी उगा रखी है। उनके मुताबिक दरगाहपुर और बहालपुरी के कुछ खनन माफिया उनकी कृषि भूमि से अवैध खनन कर रहे थे।
बृहस्पतिवार शाम उन्होंने रायसी चौकी पहुंचकर पुलिस से इसकी शिकायत की थी। बृहस्पतिवार रात भोपाल का बेटा सुशील खेत में सब्जी की रखवाली करने गया था। आरोप है कि इसी बीच खनन माफिया ने उनके खेत में पहुंचकर जेसीबी से मिट्टी निकालनी शुरू कर दी। सुशील ने अपने पिता और चाचा को खनन की सूचना दी तो वे दोनों भी खेत में पहुंच गए।
तीनों ने खेत में खनन करने से रोका तो आरोप है कि खनन माफिया ने तीनों पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी बीच गांव के कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों को डराने की मंशा ने खनन माफिया ने कई राउंड हवाई फायरिंग की और फरार हो गए।
ग्रामीणों ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देख हायर सेंटर भेज दिया। उधर, रायसी चौकी के दरोगा संजय रावत का कहना है कि घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया गया था। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नदियों से खेतों तक...अवैध खनन की खनखन
क्षेत्र में खनन माफिया के हौसले बुलंद हैं। आलम यह है कि नदियों के अलावा दबंगई दिखाते हुए वे ग्रामीणों की कृषि भूमि पर भी जमकर अवैध खनन कर रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से सख्ती नहीं दिखाने के कारण खनन माफिया को किसी का डर नहीं है। इसी का नतीजा है कि खनन का विरोध करने पर अब ग्रामीणों को पीटा जा रहा है।
बृहस्पतिवार रात खनन माफिया की ओर से दरगाहपुर के ग्रामीणों के खेतों में खनन का विरोध करने पर मारपीट करने का यह पहला मामला नहीं है। लगभग दो माह पहले निहंदपुर सुठारी गांव के निकट स्थित बाणगंगा नदी के किनारे खनन माफिया ने किसानों की कृषि भूमि में अवैध खनन किया था।
विरोध करने पर किसानों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई थी। इसके बाद ग्रामीणों ने लक्सर तहसील मुख्यालय पहुंचकर एसडीएम और पुलिस से शिकायत की थी। करीब 15 दिन लपहले खनन माफिया ने बालावाली गंगा नदी के निकट अवैध रूप से खनन शुरू कर दिया था। कलसिया और बालावाली के ग्रामीणों ने इसकी शिकायत एसडीएम और उच्चाधिकारियों से की थी।
इसके अलावा भी बेखौफ खनन माफिया कुआंखेड़ा में सोलानी नदी, खानपुर क्षेत्र में कान्हावाली, भोवावाली लालपुर एवं रायसी में बाणगंगा नदी के निकट खनन करते रहते हैं। इतना ही वे नदियों के साथ-साथ किसानों के खेतों से भी खनन से बाज नहीं आ रहे हैं। ग्रामीण सीटू चौधरी, मनोज चौहान और चंद्रभान सिंह आदि का कहना है कि खनन माफिया की पुलिस और प्रशासन से शिकायत की जाती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। उधर, एसडीएम सोहन सिंह का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर कार्रवाई की जाती है। अवैध खनन करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।