फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   MiG 27 India fighter jet retired: Air Force officers Emotional to told About Bahadur in dehradun

मिग-27: ‘बहादुर’ की विदाई पर बोले अधिकारी, अब नहीं सुनायी देगी ‘बाल्कन’ की गर्जना

Sat, 28 Dec 2019 10:05 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Sat, 28 Dec 2019 10:05 AM IST
सार

  • सेना, वायुसेना अधिकारियों ने मिग-27 को दी विदाई
  • लड़ाकू विमान की सेवाओं को बताया अतुलनीय, वायुसेना में बहादुर और बाल्कन के नाम से था प्रसिद्ध

विज्ञापन
MiG 27 India fighter jet retired: Air Force officers Emotional to told About Bahadur in dehradun
मिग 27 - फोटो : फाइल फोटो

विस्तार

34 साल तक वायुसेना का हिस्सा रहे ‘बहादुर’ नाम से चर्चित लड़ाकू विमान मिग-27 को आखिरकार स्कार्पियन-29 यूनिट की ओर से जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में अंतिम विदाई दी गई। मिग-27 सीरीज के बचे सात लड़ाकू विमानों ने जोधपुर वायुसेना स्टेशन से अंतिम उड़ान भरी। इसके साथ ही मिग-27 इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया।

विज्ञापन


भारत-पाकिस्तान के बीच 1999 में हुए कारगिल युद्ध में ऊंची चोटियाें पर कब्जा जमाए बैठे दुश्मनों को धूल चटाने में अहम भूमिका निभाने वाले मिग-27 की विदाई पर सेना, वायुसेना के अधिकारियों ने अपने अपने अंदाज में याद किया। मिग-27 के साथ जिंदगी के कुछ साल गुजार चुके वायुसेना अधिकारियों ने जहां इसे एक शानदार युद्धक विमान करार दिया, वहीं सेना अधिकारियों ने कहा कि मिग-27 युद्धक विमान की सेवाओं को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
विज्ञापन


कई वायुसेना के अधिकारियों ने मिग-27 की विदाई को भावुक क्षण बताते हुए कहा कि आसमान का सीना चीरते हुए अब ‘बाल्कन’ की गर्जना नहीं सुनाई देगी। मिग-27 से बालकोनी की तरह आगे और दाएं-बाएं का नजारा स्पष्ट दिखने के कारण रूस के पायलटों ने इसे बाल्कन नाम दिया था। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बोले, सेना, वायुसेना के अधिकारी

देश की सीमाओं की रक्षा में मिग-27 ने जो भूमिका अदा की है, उसे कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। यह दुनिया का इकलौता युद्धक विमान था, जिसने अमेरिका द्वारा पाकिस्तान को दिए गए अत्याधुनिक एफ-16 विमान को धूल चटा दी। काउंटर अटैक में मिग-27 का कोई तोड़ नहीं था। कारगिल युद्ध में मिग-27 ने तो युद्ध की तस्वीर ही पलट दी।
- लेफ्टिनेंट जनरल जीएस नेगी (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएसएम)

मिग-27 अपने दौर का उत्कृष्ट लड़ाकू विमानों में से एक था। देश की सीमाओं की रक्षा में मिग-27 ने जो भूमिका अदा की है, उसे वायुसेना के इतिहास में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। मैं उन सौभाग्यशाली वायुसेना अधिकारियों में से एक हूं जिन्होंने मिग-27 को उड़ाया। यह वाकई मेें शानदार था। बाल्कन ने तो कारगिल युद्ध की तस्वीर ही पलट कर रख दी। मिग-27 पर सवार जांबाज पायलटों ने दुश्मन के इलाकों में दाखिल होकर ताबड़तोड़ हमले किए जिसके चलते दुश्मन सेना के पैर उखड़ गए। आज जब 34 साल की सेवाओं के बाद मिग-27 को विदाई दी जा रही है तो वायुसेना का पूर्व सर्वोच्च अधिकारी होने के नाते मुझे दुख भी हो रहा है।
- एयर मार्शल जी सेन, (पीवीएसएम, एवीएसएम, वीएम)

मुझे याद है कि मिग-27 को वायुसेना में शामिल करने के साथ ही इसमें कुछ बदलाव करके इसे लेह की जमीन पर उतारा गया था। तकनीकी विशेषज्ञों ने आशंका जताई कि मिग-27 ऐसा कारनामा नहीं कर पाएगा लेकिन उसने ऐसा कर दिखाया। ‘बहादुर’ नाम से चर्चित मिग-27 को कारगिल युद्ध में उसके अतुलनीय योगदान के लिए याद रखा जाएगा। बाल्कन की विदाई पर मुझे दुख हो रहा है लेकिन जिस तरीके से आए दिन उड़ान के दौरान मिग-27 दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे उसे देखते हुए इसे वायुसेना के बेड़े से बाहर करने का वक्त आ गया था। 
- कर्नल कुलदीप साहनी 

वायुसेना के फ्रंटलाइन बैरियर मिग-27 ने कारगिल युद्ध में पाकिस्तानी सेना को धूल चटाकर भारतीयों को गौरवान्वित होने का मौका दिया। मैं उन वायुसेना अधिकारियों में शामिल हूं जिन्होंने मिग-27 के साथ देश को अपनी सेवाएं दीं। आज इसको विदा होते देखना मेरे लिए भावुक क्षण है। आसमान का सीना चीरते हुए मिग-27 की गर्जना अब कभी सुनाई नहीं देगी। इसका दुख हो रहा है। 
- ग्रुप कैप्टन गुरदीप सिंह झीते

20 अगस्त 1970 को भरी थी पहली उड़ान

वायुसेना अधिकारियों की मानें तो मिग-27 ने 20 अगस्त 1970 को रूस ने पहली टेस्ट उड़ान भरी थी। पांच साल तक शोध के बाद तत्कालीन सोवियत यूनियन सरकार ने 1975 में इसे अपनी वायु सेनाओं में शामिल किया। इतना ही नहीं सोवियत संघ ने अपने देश की वायुसेना में मिग-27 को इस्तेमाल करने के साथ ही भारत, कजाकिस्तान और श्रीलंका जैसे देशों को भी ये विमान बेचे।

कारगिल युद्ध में दुश्मनों को चटायी धूल 
सोवियत यूनियन सरकार के शासनकाल में रूसी कंपनी मिकोयन मिरेविच कंपनी द्वारा निर्मित मिग-27 युद्धक विमान को भारतीय वायुसेना में साल 1985 में शामिल किया गया। वायुसेना में शामिल होने के बाद दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विमानों में से एक मिग-27 ने 34 साल देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। 1999 में कारगिल युद्ध में तो इस युद्धक विमान के जरिये जांबाज पायलटोें ने दुश्मन पर ताबड़तोड़ हमले कर उनके ठिकानों को तहस-नहस कर दिया था। 

भारत में ‘बहादुर’ तो रूस में उल्कोनोस नाम से रहा चर्चित
पूरी दुनिया में फ्लागर-डीजे नाम से चर्चित मिग-27 को कई नामों से जाना गया। कारगिल युद्ध में पाकिस्तानी सेना के पैर उखाड़ने में अहम भूमिका निभाने वाले मिग-27 को इसके पायलटों ने जहां ‘बहादुर’ नाम से पुकारा। वहीं रूसी वायुसेना के पायलटों ने इसकी लंबी नाक की वजह से इसे ‘उल्कोनोस’ नाम दिया। जबकि पूरी दुनिया में इसे ‘बाल्कन’ नाम से भी जाना गया। इसके टेस्ट के दौरान पायलट ने जब पहली बार उड़ान भरी तो इसके पायलट बाक्स के जरिये चारों तरफ  का नजारा देखने के साथ उसने ‘बाल्कन’ नाम दिया। 

मैक 1.6 पर थी 1700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार 
वायुसेना अधिकारियों के मुताबिक बाल्कन 1700 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भरता था। तकनीकी भाषा में कहें तो मिग-27 मैक 1.6 की गति से दुश्मन के क्षेत्र में दाखिल होकर भारी तबाही मचाता था। इसकी क्षमता चार हजार किलोग्राम हथियार ले जाने की थी। जबकि इसमें लगी 23 मिलीमीटर बैरल गन के जरिये दुश्मन पर हमला किया जा सकता था। यह सिंगल इंजन वाला सिंगल सीटर फाइटर प्लेन था।

विदाई देते समय निकाल ली जाती है जॉय स्टिक
वायुसेना के युद्धक विमानों को विदाई देते समय उनकी जॉय स्टिक निकालकर उसे सुरक्षित रख लिया जाता है। वायुसेना अधिकारियों के मुताबिक ‘जॉय स्टिक’ पायलट के ठीक सामने लगा एक उपकरण होता है, जिसके जरिये पायलट लड़ाकू विमानों को उड़ाने के साथ ही दुश्मन के इलाके में बम गिराने का काम करता है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed