Maha Shivratri 2024: सात लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किया नीलकंठ में जलाभिषेक, जाम से दिनभर रेंगते रहे वाहन
रात 12 बजे से मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ। जो शुक्रवार दिनभर चला। शाम करीब 7:30 बजे भगवान शिव का श्रृंगार के लिए मंदिर के कपाट बंद किए गए।
विस्तार
महाशिवरात्रि पर्व पर नीलकंठ धाम में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ी। करीब सात लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। नीलकंठ पैदल मार्ग शिवमय नजर आया। शिवालय हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। लक्ष्मणझूला-नीलकंठ अधिक भीड़ होने के कारण मोटर मार्ग पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। नेपाली फार्म से लेकर तपोवन तक भी यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई। भीड़ को नियंत्रण करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे।
शुक्रवार को राजाजी टाइगर रिजर्व अंतर्गत गौहरी रेंज में नीलकंठ पैदल मार्ग पर सुबह से ही शिवभक्तों की आवाजाही बनी रही। बाघखाला से लेकर नीलकंठ मंदिर तक जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का हुजूम उमड़ा।
Maha Shivratri 2024: शिव-पार्वती के विवाह स्थल में बांधा सात जन्मों का बंधन, भोले के ससुराल में भी उत्सव
इस दौरान करीब सात लाख श्रद्धालुओं ने नीलकंठ धाम में जलाभिषेक किया। मंदिर के पुजारी शिवानंद गिरी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात 12 बजे से मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ। जो शुक्रवार दिनभर चला। शाम करीब 7:30 बजे भगवान शिव का श्रृंगार के लिए मंदिर के कपाट बंद किए गए। उसके बाद रात करीब 8 बजे से जलाभिषेक का सिलसिला फिर शुरू हुआ। बीते बृहस्पतिवार से अब तक मंदिर में करीब सात लाख शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया है।
शिवभक्त लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम के गंगा घाट और तटों पर स्नान के बाद गंगाजली भरकर शिवालय की ओर रवाना हुए। सुबह से देर शाम तक नीलकंठ पैदल मार्ग शिवमय रहा। शिवालय और नीलकंठ पैदल मार्ग पर भी शिवभक्तों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह पुलिस कर्मचारी तैनात रहे।
सीसीटीवी कैमरे की मदद से मंदिर परिसर और आसपास क्षेत्र में शिवभक्तों की सुरक्षा पर निगरानी रही। उधर यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी जलाभिषेक के लिए शिवभक्तों का हुजूम उमड़ा। मंदिर परिसर और आसपास क्षेत्र में सजे मेले का ग्रामीणों ने जमकर लुत्फ उठाया।
पुलिस प्रशासन का यातायात प्लान फेल
लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम रहा। पीपलकोटी से लेकर नीलकंठ पार्किंग तक करीब पांच किमी की दूरी पर वाहन दिनभर रेंगते रहे। जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन का यातायात प्लान फेल हो गया। शिवभक्तों के वाहन दिनभर जाम में फंसे रहे।