उत्तराखंडः प्यार में पागल जोड़े ने उठाया सनसनीखेज कदम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में एक सनसनीखेज घटनाक्रम में एक युवक और युवती ने आत्महत्या कर ली। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया गया है।
युवती का शव रविवार देर शाम चंडाक में एक खाई से बरामद किया गया, जबकि युवक ने अपने गांव के पास ही पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली थी।
मामले का खुलासा युवक की जेब में मिले उस सुसाइड नोट से हुआ, जिसमें उसने प्रेमिका द्वारा जहर खाकर जान देने का जिक्र किया था। सुसाइड नोट में यह भी उल्लेख किया था कि उसकी प्रेमिका का शव चंडाक के आसपास पड़ा हो सकता है।
कोतवाल गणेश सिंह सामंत ने बताया कि रई मोहल्ले में किराए का कमरा लेकर रहने वाली नीलम (20) पुत्री भूपेंद्र सिंह निवासी अमकोट मड़मानले 10 अगस्त से लापता थी। उसके परिजनों ने उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस उसकी खोजबीन में लगी थी कि शनिवार को गुरना के पास स्थित बमनथाल गांव में युवक किशन चंद (22) पुत्र विक्रम चंद का शव एक पेड़ से लटका मिला। यह इलाका राजस्व क्षेत्र में आता है।
दोनों ने एक साथ की थी आत्महत्या की कोशिश
युवक की जेब में मिले सुसाइड नोट में किए गए जिक्र के आधार पर पुलिस को नीलम की गुमशुदगी का रहस्य सुलझाने में आसानी हो गई। रविवार को राजस्व पुलिस ने सुसाइड नोट कोतवाली पुलिस को सौंपा तो पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी।
दोपहर बाद से चंडाक एवं आसपास के इलाकों में छानबीन की गई। शाम करीब छह बजे खाई में नीलम का शव मिल गया। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में किशन चंद ने यह भी उल्लेख किया था कि उसने नीलम के साथ 10 अगस्त को चंडाक में बीयर पी थी।
उसके बाद दोनों ने एक साथ सल्फास की गोलियां खाई। नीलम ने चार गोली खाई, लेकिन किशन ने मात्र दो गोली खाई थी। किशन तब जिंदा बच गया और अपने घर चला गया।
सुसाइड नोट में किशन ने यह भी लिखा है कि जब उसकी प्रेमिका इस दुनिया में नहीं रही तो अब मेरे बचे रहने का कोई औचित्य नहीं है। पुलिस के अनुसार संभवत: उसी रात किशन ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली होगी।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा ने चंडाक का दौरा किया। उन्होंने खाई से नीलम का शव निकालने के लिए पुलिस की रेस्क्यू टीम को बुलाया। पुलिस के अनुसार दोनों में प्रेम संबंध पहले से ही था। इस समय नीलम स्थानीय डिग्री कॉलेज से बीएससी कर रही थी जबकि किशन गुरना आईटीआई से वेल्डर ट्रेड में पढ़ाई कर रहा था।