उत्तराखंडः फ्लाइंग स्क्वायड की टीम ने कार सवार तीन युवकों से बरामद की ढाई लाख की नगदी
लोकसभा चुनावों में नगदी और शराब की चेकिंग के लिए तैयार की गई फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने किच्छा रोड पर एक कार से ढाई लाख की नगदी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक टीम ने चेकिंग के दौरान कार सवार तीन युवकों से 2 लाख 51 हजार रुपये की नगदी बरामद की है। युवकों से नगदी का कोई सही विवरण न मिलने पर टीम ने रकम को जब्त कर लिया गया है।
19 लाख की नगदी बरामद की थी
कुछ दिन पहले पुलिस और स्टैटिक सर्विलांस टीम ने यूपी की तरफ से उत्तराखंड में कार में रखकर लाई जा रही 19 लाख की नगदी बरामद की थी। टीम ने कार को सीज कर नगदी थाने में जमा कर दी थी। पुलिस ने मामले की सूचना आयकर विभाग टीम को भी दे दी थी।
बीते शुक्रवार की रात हरिद्वार में स्टैटिक सर्विलांस टीम और झबरेड़ा पुलिस झबरेड़ा-जटौल मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हरियाणा नंबर की कार को रोककर उसकी तलाशी ली। कार में दो आदमी मौजूद थे। पूछताछ में युवक अटपटे जवाब देने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनकी गाड़ी की तलाशी ली।
19 लाख 33 हजार रुपये बरामद हुए
तलाशी में उनके पास से 19 लाख 33 हजार रुपये बरामद हुए। इसमें से कुछ नगदी तो एक काले बैग में रखी हुई थी। जबकि कुछ नगदी डिग्गी में स्टेफनी के नीचे छिपाकर रखी हुई थी। टीम ने कार में बैठे दोनों लोगों से पूछताछ की, लेकिन वह नगदी के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को थाने में ले आई। वहीं कार को सीज कर नगदी थाने में जमा करा दी गई है।
स्टैटिक सर्विलांस प्रभारी आन सिंह व कपिल कुमार गोयल ने बताया कि मामले को लेकर सूचना आयकर विभाग को दे दी गई है। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कार में सवार दोनों व्यक्ति हरियाणा के रहने वाले हैं। प्रमोद थाना बुढ़िया जिला यमुनानगर व राकेश निवासी हाउसिंग बोर्ड थाना जगाधरी जिला यमुनानगर के रहने वाले हैं। बता दें कि चार दिन पूर्व भी झबरेड़ा पुलिस व स्टैटिक सर्विलांस टीम ने सहारनपुर मार्ग पर एक लाख की नगदी पकड़ी थी।