महासंग्राम 2019: कांग्रेस ने पीएम मोदी पर साधा निशाना, संकल्प पत्र को बताया 'छलिये का छल पत्र'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भाजपा के संकल्प पत्र को कांग्रेस ने छलिये का छल पत्र करार दिया। कांग्रेस ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने अपने घोषणापत्र में बडे़-बडे़ वायदे किए थे, लेकिन एक भी वायदा पूरा नहीं हुआ है। जनता की नाराजगी न झेलनी पडे़, इसलिए इस बार भाजपा घोषणापत्र लेकर नहीं आई है, इसकी जगह संकल्प पत्र लाया गया है।
देहरादून के कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस के सह प्रभारी राजेश धर्माणी ने कहा कि रोजगार का मसला हो या खेती किसानी का, भाजपा ने 2014 में जितने वायदे किए थे, उसमें से एक को भी पूरा नहीं किया है।
बेरोजगार और किसान समेत हर वर्ग का व्यक्ति भाजपा के पांच साल के कार्यकाल में खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में महंगाई आसमान छू रही है।
बेहतर होता भाजपा जनता से माफी मांगती : प्रीतम
आधारभूत ढांचे की मजबूती के लिए कोई काम नहीं हुआ है। पांच सालों में भावनात्मक मुद्दे उठाकर भाजपा ने देश की जनता का बुनियादी सवालों से ध्यान हटाने का प्रयास किया है। प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस नेता संजय पालीवाल और प्रदेश प्रवक्ता डॉ.आरपी रतूड़ी भी मौजूद थे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने एक बयान में कहा है कि भाजपा के संकल्प पत्र में बहुत सारी बातें पिछले घोषणापत्र की दोहरा दी गई हैं। बेहतर होता कि घोषणाओं को पूरा न करने के लिए भाजपा देश की जनता से माफी मांगती। उन्होंने कहा है कि भाजपा पिछले पांच वर्ष की अपनी उपलब्धियां भी नहीं गिनवा पाई है।
उन्होंने कहा है कि कांग्रेस की न्याय योजना के जवाब में भाजपा अपने संकल्प पत्र में कोई भी योजना नहीं ला पाई है। दूसरी तरफ, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि देश भाजपा से वायदों पर अमल की जानकारी चाहता था, लेकिन संकल्प पत्र में इसका कहीं कोई जिक्र नहीं है।