मिशन 2019: देहरादून में 5 को होगी पीएम मोदी की जनसभा, इस दिन मैदान में उतरेंगे शाह, राजनाथ और स्मृति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में टिहरी लोकसभा चुनाव की प्रत्याशी माला राज्यलक्ष्मी के प्रचार के लिए भाजपा अपने सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को मैदान में उतारने जा रही है। पीएम मोदी पांच अप्रैल को देहरादून के परेड मैदान में गरजेंगे। टिहरी लोकसभा के ही उत्तरकाशी में 3 अप्रैल को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की जनसभा तय हो गई है।
सात अप्रैल को शाह श्रीनगर, अल्मोड़ा और हल्द्वानी में भी जनसभा करेंगे। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान 11 अप्रैल को होना है। मतदान की उलटी गिनती शुरू होने के साथ ही पार्टी सारे प्रचारकों को मैदान में झोंक देगी। चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक डॉ. धन सिंह रावत के मुताबिक संगठन पीएम मोदी की रैली की तैयारियों में जुट गया है।
सूत्रों की मानें तो पार्टी के सुपर स्टार प्रचारक मोदी और शाह की पांचों सीटों पर चुनावी सभाएं कराए जाने की सबसे अधिक मांग है। इस मांग को देखते हुए ही पीएम मोदी की देहरादून में जनसभा तय हुई है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि निर्णायक क्षणों में मोदी की एक-दो रैलियां और कराई जा सकती हैं।
अल्पसंख्यकों को साधने मुख्तार और शाहनवाज आएंगे
मुख्तार अब्बास और शाहनवाज हुसैन: भाजपा के स्टार प्रचारकों की सूची में दो मुसलिम चेहरे मुख्तार अब्बास नकवी और शाहनवाज हुसैन को अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में उतारा जाएगा। शाहनवाज हुसैन का कार्यक्रम तय हो गया है।
वे तीन अप्रैल को टिहरी लोकसभा की सहसपुर और हरिद्वार लोकसभा की धर्मपुर व भगवानपुर क्षेत्र में चुनावी सभाएं करेंगे। ये कार्यक्रम अल्पसंख्यक बहुल इलाकों में रखे गए हैं। मुख्तार अब्बास नकवी नैनीताल लोकसभा में अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में जनसभा करेंगे। उनका कार्यक्रम की तारीख अभी तय हो रही है।
मतदाताओं को टारगेट कर मैदान में उतारेगी भाजपा
पार्टी ने रणनीति के तहत स्टार प्रचारकों को झोंकने की तैयारी की है। एक अप्रैल के बाद पार्टी स्टार प्रचारकों की प्रदेश में धुआंधार चुनावी सभाएं शुरू हो जाएंगी। पार्टी मतदाताओं को टारगेट करके स्टार प्रचारकों को उतारेगी।
राष्ट्रवाद की हवा बनाने की तैयारी
राजनाथ सिंह: पुलवामा आतंकी हमले और एयर स्ट्राइक के बाद राष्ट्रवाद की हवा को बनाए रखने के लिए भाजपा चुनाव में एड़ी चोटी का जोर लगा रही है। इसके लिए मोदी और शाह की जोड़ी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मैदान में उतर रहे हैं। राजनाथ सिंह एक अप्रैल को सीमांत जनपद चमोली के गोपेश्वर में चुनावी सभा करेंगे और उसके बाद उनका रुड़की कैंट और कोटद्वार में चुनावी सभाएं कराने का कार्यक्रम है।
स्मृति ईरानी: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी आठ अप्रैल को उत्तराखंड में चुनावी सभाएं करेंगी। उनके मंत्रालय के राज्यमंत्री अजय टम्टा अल्मोड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। स्मृति ईरानी की एक रैली अल्मोड़ा में हो सकती है। महिलाओं के वोट साधने के लिए पार्टी उन्हें गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ खास इलाकों में उतारा जाएगा।