तीर्थनगरी के लाल को मिलेगा अब्दुल कलाम अवॉर्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीते 26 जनवरी को प्रधानमंत्री द्वारा वीरता पुरस्कार से सम्मानित उत्तराखंड के बेटे को अब डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवॉर्ड 2015 से सम्मानित किया जाएगा।
तीर्थनगरी ऋषिकेश के चंद्रेश्वरनगर निवासी युवा पहलवान लाभांशु शर्मा को क्लीन, ग्रीन, हेल्दी एंड एजुकेटेड इंडिया ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवॉर्ड 2015 के लिए चयनित किया है।
लाभांशु को यह सम्मान 17 जनवरी 2016 को कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया, नई दिल्ली में दिया जाएगा। संस्था ने इस अवार्ड के लिए देशभर से 21 लोगों का चयन किया है, जिसमें उत्तराखंड के लाभांशु का नाम भी शामिल है।
गौरतलब है कि तैराकी में माहिर पहलवान लाभांशु शर्मा ने 24 मई 2014 को ऋषिकेश बैराज स्थित चीला शक्ति नहर में दिल्ली के दो पर्यटकों को डूबने से बचाया था। दो लोगों को जीवन देने वाले लाभांशु को इस अदम्य साहस के लिए इसी साल गणतंत्र दिवस पर वीरता पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।
कुश्ती में है महारत
अमर उजाला से बातचीत के दौरान लाभांशु शर्मा ने बताया कि बीती 13 सिंतबर 2015 को उन्हें लखनऊ में यंग अचीवर ऑफ द ईयर, दो अक्तूबर को नई दिल्ली में मां भारती सम्मान और 24 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय निर्माण अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
हाल ही में उनका चयन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवॉर्ड के लिए किया है। लाभांशु ने बताया कि उनका नाम राष्ट्रपति जीवन रक्षा पदक के लिए भी भेजा गया है। उम्मीद है कि इस सम्मान के लिए भी वह चयनित हो जाएंगे।
कुश्ती का शौक रखने वाले लाभांशु ने अब तक राज्य स्तर पर चार गोल्ड, नेशनल स्तर पर दो कांस्य, और नौ टाइटल का खिताब जीता है। इसके अलावा मार्च 2015 में हरिद्वार में जगद्गुरु शंकराचार्य ने उन्हें देवभूमि उत्तराखंड आइडियल अवार्ड से सम्मानित किया था।
इन्हें मिलता है एपीजे अब्दुल कलाम
सामाजिक क्षेत्र में हर दिशा में योगदान और सहभागिता निभाने वाले लोगों को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अवार्ड से सम्मानित किया जाता है। इसके लिए पत्रकारिता, समाजसेवा, कानून, चिकित्सा, साहित्य, शिक्षा, कला, खेल और लोकसेवा आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों का चयन किया जाता है।