कश्मीरी युवक ने शहीद जवानों पर की थी आपत्तिजनक टिप्पणी, अब पहुंच गया हवालात
सीआरपीएफ के शहीद जवानों पर आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में गिरफ्तार कश्मीरी युवक को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं, पुलिस और एलआईयू ने शहर में रहने वाले अन्य कश्मीरियों के बारे में जानकारी जुटाई है। साथ ही मकान मालिकों को किरायेदारों के सत्यापन के निर्देश दिए हैं।
शनिवार को सिविल लाइंस स्थित रेडीमेट कपड़ों की दुकान कश्मीरी युवक रऊफ अहमद खंडे निवासी पहलगाम कपड़े खरीदने गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने शहीदों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी।
दुकान मालिक मयंक सचेदवा ने युवक की की वीडियो बना ली थी। यह वीडियो शहर में तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद कश्मीरी युवक साथियों के साथ रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित एक होटल पर जा पहुंचा था।
यहां से अपने दस साथियों के साथ वह स्थानीय युवक की गाड़ी से भागने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच पुलिस ने सभी को पकड़ लिया और गंगनहर कोतवाली ले आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद भड़के भाजपाइयों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा किया था। साथ ही युवक के खिलाफ तहरीर दी थी।
पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कर कार्रवाई का भरोसा दिया था। शनिवार देर शाम सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। इसके बाद पुलिस ने ऐहतियातन शहर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया था।
साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि रविवार को कश्मीरी युवक को कोर्ट में पेश किया गया था। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। उधर, कश्मीरियों की तलाश में पुलिस और एलआईयू विभाग ने सत्यापन अभियान चलाया।