Chamoli: नदी का जलस्तर बढ़ने से फंसा कानपुर का पर्यटक, लकड़ियों से बनाया अस्थायी पुल, सुरक्षित निकाला गया
पर्यटक के लिए नदी का बढ़ता पानी उस वक्त बड़ी परेशानी बन गया, जब लौटने का रास्ता बंद हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने मदद शुरू की और पुलिस-एसडीआरएफ के पहुंचने के बाद संयुक्त प्रयास से पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
विस्तार
बदरीनाथ धाम दर्शन के लिए आए कानपुर के एक पर्यटक को वसुंधरा वॉटरफॉल के आगे घूमना मुश्किल हो गया। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से वह नदी के दूसरी ओर फंस गया और वापस आने का रास्ता बंद हो गया। होटल व्यवसायी मंदीप भंडारी ने इसकी सूचना थाना श्री बदरीनाथ के हेड कांस्टेबल चंदन नगरकोटी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय युवाओं मोहित बिष्ट, किशन बिष्ट, नितिन, सौरभ भंडारी, अंशु बिष्ट, धीरेन्द्र, सोनू और मोहित रावत ने मदद के लिए मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने लकड़ियों की मदद से नदी पर अस्थायी पुल बनाने का प्रयास किया और दूसरी ओर फंसे पर्यटक तक खाने-पीने की सामग्री भी पहुंचाई।
ये भी पढ़ें...चमोली सुरंग हादसा: मशीन ने दिया धोखा, चाय बनी जिंदगी की वजह, टनल हादसे में बाल-बाल बचे ऑपरेटर और फोरमैन
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय युवाओं के साथ समन्वय बनाया और पर्यटक को सुरक्षित नदी के इस पार लाया। इसके बाद उसे सकुशल कोतवाली श्री बद्रीनाथ पहुंचाया गया। रेस्क्यू के दौरान स्थानीय युवाओं की तत्परता और पुलिस-एसडीआरएफ के त्वरित प्रयासों के चलते पर्यटक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।