जुबिन नौटियाल प्रकरण: डीएसपी ने दर्ज किए दोनों पक्षों के बयान, आज सौंपी जाएगी रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड गायक जुबिन नौटियाल की पार्टी में हुए हंगामे और मारपीट के मामले में डीएसपी जया बलूनी ने दोनों पक्षों के कई लोगों के बयान दर्ज किए हैं। उन्हें सोमवार शाम तक पुलिस महानिदेशक को रिपोर्ट देनी है।
हालांकि, दोनों पक्षों की तहरीर पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं, फोरेंसिक लैब के विशेषज्ञ भी होटल की हार्ड डिस्क से घटना का सीसीटीवी फुटेज रिकवर नहीं कर पाए हैं।
16 जून को जीएमएस रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए घटनाक्रम में पुलिस अभी तक जांच में ही उलझी हुई है। अमूमन ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस सबसे पहले सीसीटीवी फुटेज प्राप्त करती है। लेकिन, इस मामले में पुलिस अभी तक इसमें विफल रही है।
बताया जा रहा है कि बरसात के दौरान छत (जहां पार्टी हुई थी) पर लगे कैमरों में पानी भर गया था। साथ ही डीवीआर में भी नमी आ गई है। ऐसे में अब फुटेज प्राप्त करने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है।
वहीं, तीन दिन पहले इस मामले की जांच डीएसपी जया बलूनी को सौंपी गई थी। उन्होंने बताया कि अब तक वे दोनों पक्षों के दर्जनों लोगों के बयान दर्ज कर चुकी हैं। इसके साथ ही रेस्टोरेंट कर्मचारियों और अटेंडेंट आदि के भी बयान लिए जा रहे हैं।
बता दें कि शुक्रवार को जुबिन नौटियाल डीजीपी से मिले थे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसके बाद डीजीपी ने एसएसपी देहरादून को इसमें तीन दिन के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे।
ये था मामला
16 जून को जीएमएस रोड के एक रेस्टोरेंट में जुबिन नौटियाल की पार्टी चल रही थी। एक युवक शशांक मलिक ने आरोप लगाया कि जब वह अपनी महिला मित्र के साथ रेस्टोरेंट में गया था तब जुबिन ने युवती के साथ छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसके साथ भी मारपीट की। शशांक ने इस मामले में वसंत विहार थाना को शिकायत की थी। इसके बाद जुबिन ने भी आरोप लगाया कि शशांक और उसकी महिला मित्र ने उनकी कार रोककर हमले का प्रयास किया था।