पति ने व्हाट्सएप पर दिया पत्नी को तीन तलाक, घरेलू हिंसा के मुकदमे दर्ज करने से था नाराज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में व्हाट्सएप और नोटिस के माध्यम से तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। बसंत विहार पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि शौहर ने दहेज और घरेलू हिंसा के मुकदमे वापस न लेने से नाराज होकर तलाक दिया है।
तीन तलाक पर सख्त कानून बनने के बाद भी तलाक देने का सिलसिला थम नहीं पा रहा है। संसद में तीन तलाक का कानून बनने के अगले दिन ही पहला मुकदमा देहरादून के सहसपुर थाने में दर्ज हुआ था।
ताजा मामला बसंत विहार थाना क्षेत्र का है। सत्तोवाली घाटी काली मंदिर एन्क्लेव निवासी सायमा का निकाह मोहम्मद फरमान से हुआ था। दहेज के लिए मारपीट की घटना के बाद सायमा ने महिला हेल्प लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके अलावा घरेलू हिंसा का वाद भी शौहर और ससुराल पक्ष के खिलाफ दर्ज कराया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि शौहर लगातार मुकदमा वापस न लेने पर तलाक देने की धमकी दे रहा था।
आरोप लगाया कि 23 अगस्त को शौहर ने व्हाट्सएप और नोटिस के माध्यम से तीन बार तलाक लिखकर भेज दिया। पीड़िता ने प्रार्थना पत्र में व्हाट्सएप का स्क्रीन शॉट और नोटिस की प्रति भी पुलिस को उपलब्ध कराई है।
बसंत विहार थाना प्रभारी हेमंत खंडूडी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शौहर फरमान के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019) के तहत मुकदमा दर्ज कर साक्ष्याें का संकलन किया जा रहा है।