हरबर्टपुर के लेहमन मसीही अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट व एंबुलेंस सेवा की शुरुआत करते हुए क्षेत्र के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि आपात स्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों का मरीज के पास पहुंचने में लगने वाला समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने अस्पताल में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना में अपना पूरा सहयोग प्रदान करने का आश्वासन भी अस्पताल प्रशासन को दिया।
लेहमन मसीही अस्पताल में हाल के दिनों में बनकर तैयार हुए ऑक्सीजन प्लांट व अस्पताल से देहरादून हायर सेंटर के लिए मरीजों को रेफर करने के लिए एंबुलेंस की शुरुआत हो गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि लेहमन अस्पताल बरसों से क्षेत्रवासियों की सेवा करता रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले रोगियों के उपचार के लिए जिस प्रकार के सेवा भाव से स्वास्थ्य कर्मी यहां अपनी जिम्मेदारी को निभाते हैं, ऐसा कम ही अस्पतालों में देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या अन्य प्रकार की आकस्मिक स्थिति में स्वास्थ्य कर्मियों का बिना देर किया रोगियों के उपचार करने की कार्यशैली बेहद सराहनीय है। विधायक ने अस्पताल के नर्सिंग स्कूल के उच्चीकरण के लिए प्रबंधन के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की मदद की बात कही। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से जो भी मदद हो सकेगी, उसके लिए वह प्रयास करेंगे। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य प्रशांत जैन, संजय जैन, विपुल जैन, अस्पताल के प्रबंध निदेशक डा. मैथ्यू शैमुअल बरनाबास, प्रशासक थॉमस कुरियन, डा. वीजू जॉन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉबर्ट कुुमार, डा. अजित मैथ्यू, डा. विनोद, डा. मौली, डा. एनी मैरी प्रशांति, डा. एलन जॉन, डा. अनु, शैलेंद्र घोष, भारती महापात्रा, अशोक और सुंदर थापा मौजूद रहे।