हिंदू युवा वाहिनी का ममता बनर्जी पर हमला, भेजे जय श्रीराम लिखे 10 हजार पोस्टकार्ड
हिंदू युवा वाहिनी के सदस्यों ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को जय श्रीराम लिखे 10 हजार पोस्टकार्ड भेजे। संगठन के कार्यकर्ता बंगाल में जय श्रीराम के नारे लगाने पर पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।
इसके पहले गांधी पार्क के सामने कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। हिंदू युवा वाहिनी के सैकड़ों कार्यकर्ता मंगलवार को प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद वाधवा के नेतृत्व में गांधी पार्क के सामने एकत्र हुए थे।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल में जय श्रीराम का नारा लगाने वाले लोगों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इस घटना के बाद पूरे देश में हिंदूवादी संगठनों में रोष है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि बंगाल सरकार सनातन धर्म के विरोध में काम कर रही है।
वहां जानबूझकर एक धर्म विशेष के लोगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार के दम पर ही ये लोग जय श्रीराम के नारे लगाने पर भड़क रहे हैं और लोगों पर हमला कर रहे हैं। वक्ताओं ने बंगाल सरकार की कार्रवाई की निंदा की।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम लिखकर 10 हजार पोस्टकार्ड पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर पोस्ट किए। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उदय राजपूत, महानगर अध्यक्ष जीतू रणधावा, संयोजक गणेश उनियाल, हर्ष सूरी, छतरपाल सिंह, अनुज कुमार, बलवीर नेगी, गौरव, सूरज, अमित, अशोक, सचिन आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।