संभलकर रहें! भारी पड़ सकते हैं ये दो दिन, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में बुधवार को कहर बरपाने के बाद मौसम विभाग ने फिर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग की मानें तो प्रदेश में एक और दो सितंबर को भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त की रात से प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू हो सकती है। भारी बारिश का यह क्रम तीन सितंबर तक जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। पूरे दिन में दो से तीन दौर की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज बौछार पड़ने की भी संभावना है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार 31 अगस्त की रात से मौसम में बदलाव होने लगेगा। ज्यादातर क्षेत्रों में तेज बारिश शुरू होने का अनुमान है। एक और दो सितंबर को कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तीन सितंबर को भी लगभग सभी क्षेत्रों में बारिश होगी।
भारी बारिश से बुधवार को बिंदाल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जिससे पुश्ता ढहने से चार दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं और आधा दर्जन दुकानों में दरार आ गई। आसपास के कई घरों में भी पानी भर गया। वहीं पानी बढ़ने से नदी में एक विद्युत पोल गिर गया, जिसकी वजह से करीब आधा घंटे तक पूरे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति नहीं हो पाई। बाद में वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
दोपहर में हुई तेज बारिश के बाद गोविंदगढ़ क्षेत्र में पुश्ता ढह गया। पुश्ता ढहने से दस दुकानों को नुकसान पहुंचा। हालांकि समय रहते लोगों के निकल जाने से जनहानि नहीं हुई। वहीं नदी किनारे के कई इलाकों में पानी भर गया। मलिन बस्तियों में कई घर जलमग्न हो गए।
इसकी सूचना मिलते ही काफी संख्या में कांग्रेसी मौके पर पहुंच गए। कुछ देर में पुलिस, सिंचाई विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। कांग्रेसियों ने अधिकारियों से पुश्ते का निर्माण जल्द शुरू करने की मांग की। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि वह काफी समय से नदी तटों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य करने की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार ने उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया।