Alert: उत्तराखंड में अगले 48 घंटे जमकर होगी बारिश, स्कूल बंद रखने के निर्देश
प्रदेश में अगले 48 घंटे भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। इसके मद्देनजर शासन ने भी एडवाइजरी जारी कर सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में बहुत भारी बारिश का अनुमान है।
विशेषकर देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मौसम विभाग की चेतावनी के बाद शासन ने सभी जिलाधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
देहरादून, पौड़ी, चमोली में आज बंद रहेंगे स्कूल
आपदा परिचालन केंद्र ने उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही रोकने, रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के दौरान आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य का संचालन बंद करने, एसडीआरएफ और अन्य एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। बंद सड़कों को खोलने के लिए लोनिवि, सीपीडब्ल्यूडी, बीआरओ और पीएमजीएसवाई समेत अन्य एजेंसियों को भी तैयार रहने को कहा गया है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी होने के बाद जिलाधिकारी देहरादून एसए मुरुगेशन ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और 12वीं तक के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मुख्य शिक्षाधिकारी को सभी स्कूलों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा पौड़ी और चमोली में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।