शर्मनाक: भ्रूण हत्या कराने हरियाणा से देहरादून आए, इस तरह पकड़ में आया नामी डॉक्टर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी में कोख में बेटियों का कत्ल हो रहा है, लेकिन प्रदेश के स्वास्थ्य महकमे को इसकी भनक तक नहीं है। सीएमओ अंबाला (हरियाणा) की अगुवाई में आई टीम ने आराघर स्थित त्यागी डायग्नोस्टिक सेंटर पर छापा मारकर लिंग जांच करते डॉक्टर को रंगे हाथों दबोच लिया।
डॉक्टर के अलावा तीन अन्य लोगों को भी पकड़ा गया है। इनमें से दो लोग हरियाणा के हैं जबकि तीसरा डॉक्टर का कर्मचारी बताया गया है। देर रात डालनवाला कोतवाली में पीसीपी एनडीटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीएमओ अंबाला डॉ.विनोद गुप्ता को गोपनीय रूप से देहरादून के आराघर स्थित त्यागी डायग्नोस्टिक सेंटर में भ्रूण की लिंग जांच होने की जानकारी देने के साथ साक्ष्य भी उपलब्ध कराए थे। उन्हें बताया गया था कि हरियाणा के नारायणगढ़ और एक अन्य जगह से दो जोड़े डॉ.त्यागी के पास बृहस्पतिवार को लिंग परीक्षण कराने जा रहे हैं।
राज्य के आला अफसरों को विश्वास में लेकर सीएमओ अंबाला ने लिंग जांच के इस रैकेट को दबोचने की योजना तैयार की। सीएमओ ने अपने एक कर्मचारी को केमिकल लगे 22 हजार रुपये के नोट दिए।
इसे कर्मचारी ने एक जोड़े को भुगतान के रूप में देने को कहा। इसके बाद अंबाला पुलिस और सीएमओ कार्यालय की संयुक्त टीम बनाकर दोनो जोड़ों की कार के पीछे भेजी गई। उक्त टीम के साथ डालनवाला इंस्पेक्टर राजीव रौथाण भी गए थे।
टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों गर्भवती महिलाओं को डायग्नोस्टिक सेंटर भेजा। अंबाला की टीम के साथ आए डॉ.बीबी लाल के मुताबिक सेंटर में नारायणगढ़ से आई महिला का अल्ट्रासाउंड कर सेंटर की ओर से भ्रूण का लिंग बताया गया।
इसके एवज में सेंटर ने 16 हजार रुपये लिए। इशारा मिलते ही टीम ने ट्रैप कर लिया। 22 हजार रुपये में से 16 हजार रुपये सेंटर के कर्मचारी राजेंद्र सिंह के पास से बरामद हो गए। इसके बाद दून के सीएमओ को प्रकरण की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर प्रत्युष सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
उप जिलाधिकारी सदर प्रत्युष सिंह ने कहा कि टीम ने संचालक डॉ.प्रमोद त्यागी को मौके पर रंगे हाथ पकड़ते हुए अनाधिकृत अल्ट्रासाउंड मशीन और पोर्टेबल मशीन को सीज कर दिया। डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अंबाला निवासी दो दलाल करम पाल और हरीश शर्मा समेत सेंटर के कर्मचारी अल्मोड़ा के चैसली गांव निवासी राजेन्द्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
टीम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी वीएस जंगपांगी, अंबाला जनपद के डॉ.बीबी लाल, डॉ.विजय, डॉ.मंदीप सचदेवा सहित हरियाणा पुलिस की पांच सदस्य टीम और देहरादून डीआईएमसी की सदस्य डॉ.ममता बहुगुणा शामिल रहीं।