Haridwar: गैंडीखाता के पास दो कारों की भिड़ंत, आठ माह के मासूम सहित दो की मौत, कई लोग घायल
मुरादाबाद से नजीबाबाद होते हुए एक परिवार कार में सवार होकर पिरान कलियर जा रहा था। गैंडीखाता से आगे वन डिपो के सामने पहुंचते ही उनकी कार हरिद्वार से नजीबाबाद की तरफ जा रही कार से टकरा गई।
विस्तार
श्यामपुर थाना क्षेत्र में गैंडीखाता से आगे वन डिपो के सामने बुधवार सुबह दो कारों की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में एक आठ महीने के मासूम सहित दो लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों के शवों को मोर्चरी में भिजवाया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों तरफ से नेशनल हाईवे ऑथिरिटी के खिलाफ तहरीर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि मुरादाबाद से नजीबाबाद होते हुए एक परिवार कार में सवार होकर पिरान कलियर जा रहा था। गैंडीखाता से आगे वन डिपो के सामने पहुंचते ही उनकी कार हरिद्वार से नजीबाबाद की तरफ जा रही कार से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। जहां इलाज के दौरान आठ माह के उजैन की मौत हो गई। वहीं दूसरी कार में सवार आंवला बरेली निवासी प्रेमपाल को एम्बुलेंस 108 से सीएचसी नजीबाबाद भेजा गया। जहां से उन्हें जिला अस्पताल बिजनौर रेफर कर दिया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को मोर्चरी भिजवाया गया है। क्रेन की मदद से सड़क से दोनों वाहनों को हटवाते हुए थाने परिसर में खड़ा करवाया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Dehradun Accident: मोहकमपुर आरओबी पर हादसा...तेज रफ्तार कार ने कई वाहनों को मारी टक्कर
हादसे में इनकी हुई मौत
- उजैन (8 माह) पुत्र दानिश निवासी मासमपुर, मुरादाबाद
- प्रेमपाल (35) निवासी आंवला, बरेली
ये हुए घायल
- फहीमुद्दीन पुत्र सरीफ उलहसन निवासी मासमपुर, मुरादाबाद
- हसीना बेगम पत्नी फहीमुद्दीन
- मो. दानिश पुत्र फहीमुद्दीन
- सालेहा खातून पत्नी मो. दानिश
- मो. आजम पुत्र महीमुद्दीन
- एनएचएआई को ठहराया जिम्मेदार, दी तहरीर
थानाध्यक्ष नितेश शर्मा ने बताया कि दोनों परिवारों की तरफ से तहरीर दी गई है। दोनों पक्षों ने नेशनल हाईवे ऑथिरिटी को जिम्मेदार ठहराया है। दोनों पक्षों का कहना है कि हाईवे पर कोई साइन बोर्ड नहीं था और बिना वजह के डार्यवर्जन लागू किया गया था। इसी वजह से यह हादसा हुआ।