हरिद्वार: भाजपा विधायक ने बोले भड़काऊ बोल, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार के ज्वालापुर विधानसभा के भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ ने नवमी के दिन ऐसा भड़काऊ भाषण दे दिया, जिसकी हर ओर आलोचना हो रही है।
विधायक सुरेश राठौड़ ज्वालापुर विधानसभा में सोमवार को धनौरी-तेल्लीवाला सड़क के शिलान्यास मौके पर भड़काऊ बोल बोल गए। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसे लेकर भाजपा विधायक को ट्रोल किया जा रहा है।
52 प्रतिशत तो पाकिस्तान का हिस्सा है...
भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ इस वीडियो में कहते हुए दिख रहे हैं कि मेरा विधानसभा क्षेत्र 67 किलोमीटर लंबी दूरी में फैला हुआ है। इसमें लक्सर के समीप गढ़ी संघीपुर का क्षेत्र भी आता है जो टोटल पाकिस्तान ही है, 52 प्रतिशत तो पाकिस्तान का हिस्सा है। बाकी 48 प्रतिशत में यह क्षेत्र है, जिससे मैं जीतकर आता हूं। कुछ लोग यहां भी नकारात्मक बातें करते हैं। उन्होंने कहा कि इसका दुख होता है।
इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह ने कहा कि अगर विधायक सुरेश राठौड़ ने इस किस्म का बयान दिया है तो उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरे घटनाक्रम की कोई जानकारी नहीं है वह इस पर विधायक सुरेश राठौड़ से बात करेंगे।
‘राठौड़ के खिलाफ दर्ज हो देशद्रोह का मुकदमा’
अपने विधानसभा क्षेत्र ज्वालापुर के मुस्लिम बाहुल्य इलाकों को पाकिस्तान का हिस्सा बताकर भाजपा विधायक सुरेश राठौड़ विपक्षी दलों के निशाने पर आ गए हैं। कांग्रेस के नेताओं ने राठौड़ के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग की। कहा कि भाजपा का यही असली चेहरा है। भाजपा को बताना चाहिए कि सुरेश राठौड़ की विचारधारा से पार्टी सहमत है या नहीं। और अगर सहमत नहीं है तो राठौड़ पर क्या कार्रवाई की जाएगी।
मंगलौर के विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि अगर हिंदुस्तान के किसी कोने में आज भी पाकिस्तान है तो यह भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के लिए शर्म की बात है। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। जिला पंचायत के उपाध्यक्ष राव आफाक अली ने कहा कि विधायक के बयान की वीडियो की जांच कराकर उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कराएंगे। पूर्व विधायक अंबरीष कुमार ने कहा कि भाजपा और आरएसएस के नेता देश में वैमनस्य, सांप्रदायिकता की आग फैलाकर लोगों की भावना से खिलवाड़ कर रहे हैं। लोग अपनी रोजी रोटी कमाने में लगे है और भाजपा विधायकों को देश में पाकिस्तान नजर आता है। वह लोगों को विकास, रोजगार के मुद्दे से लोगों को भटकाने का काम कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि भाजपा नेता जनता को आपस में भिड़ाना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस इनके मंसूबे को कभी पूरा नहीं होने देंगे। सत्ता से भले ही दूर है, लेकिन किसी के घर को नहीं उजाड़ेंगे।
विधायक की सफाई, तोड़-मरोड़ कर पेश किया बयान
मैं सांप्रदायिक सद्भाव को मानने वाला व्यक्ति हूं। मुसलमानों में भी मेरे बहुत से समर्थक और साथी हैं, जिन्होंने मुझे न केवल वोट दिए, बल्कि मेरे चुनाव में दिन-रात एक कर काम किया। मेरा आशय किसी की भावना को ठेस पहुंचाने का नहीं था। कांग्रेसी मानसिकता के कुछ लोग मेरी छवि धूमिल करना चाहते हैं। वह मामले को तूल दे रहे हैं। इस समय जो उनका बयान वायरल हुआ है, वह तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। जिसकी जांच की जानी चाहिए।
- सुरेश राठौड़, ज्वालापुर सीट, भाजपा विधायक।
विधायक राठौर पर दर्ज हो राष्ट्रद्रोह का केस : धस्माना
सत्ता पक्ष के विधायक सुरेश राठौड़ के बहाने कांग्रेस को अब भाजपा को घेरने का एक और मौका मिल गया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पाकिस्तान संबंधित बयान के आधार पर राठौड़ के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में मीडिया से मुखातिब धस्माना ने कहा कि विधायक का यह बयान प्रदेश के सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला है। इससे यह भी साबित हो रहा है कि सत्ता पक्ष की ओर से दलित और अल्पसंख्यक समुदाय के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। पार्टी को चाहिए कि वह विधायक की सदस्यता खत्म करे। इस मामले में विधायक के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा भी दर्ज होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने विधानसभा क्षेत्र में विशेष वर्ग बाहुल्य क्षेत्र को विधायक सोशल मीडिया पर तैर रहे वीडियो में पाकिस्तान बता रहे हैं।
यह उस विशेष वर्ग का अपमान भी है। यह पहला मामला नहीं है जिसमें कांग्रेस को भाजपा को घेरने का मौका मिला हो। इससे पहले एक विधायक पर रामलीला मंचन में रावण का अभिनय करने के दौरान सीता के लिए अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने का आरोप लगाकर भी कांग्रेस ने हमला बोला था।
अपने विधानसभा क्षेत्र के मुस्लिम बाहुल्य इलाके को पाकिस्तान बताने का विरोध
ज्वालापुर के भाजपा विधायक के अपने विधानसभा सीट के मुस्लिम बाहुल्य इलाके को पाकिस्तान बताने वाले बयान के विरोध में कांग्रेसियों ने लक्सर में जमकर हंगामा किया। उन्होंने विधायक के माफी नहीं मांगने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शिलान्यास कार्यक्रम में ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौड़ ने अपने क्षेत्र में पड़ने वाले मुस्लिम बाहुल्य इलाके को पाकिस्तान बताया था। यही नहीं उन्होंने यह भी कहा था कि वह इस क्षेत्र का विकास नहीं करेंगे। विधायक के भाषण वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इससे नाराज जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह और नगर अध्यक्ष देवेश राणा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कस्बे में प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा विधायक के इस बयान ने पार्टी की मानसिकता दिखा दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा लोगों को आपस में बांटने की राजनीति करती है। नगर अध्यक्ष देवेश राणा ने कहा कि भाजपा ने सोची समझी साजिश के तहत ऐसा बयान दिलाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ज्वालापुर विधायक ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन करेगी। इस मौके पर अमित शर्मा, डोनू शर्मा, महावीर सिंह, बृजपाल नागर, ओमप्रकाश, रामकुमार, महिपाल, डॉक्टर ओमवीर सिंह सैनी, पहल सिंह, सुरेंद्र सैनी, सुरेंद्र शर्मा, महेंद्र चौहान, भोपाल सिंह, कृष्ण मुखिया, आजाद सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।