ज्ञानयोगी-108 मुनि सौरभ सागर महाराज के द्रोणनगरी पहुंचने पर जैन समाज के लोगों ने भव्य स्वागत किया। शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए महाराज गांधी रोड स्थित जैन मंदिर धर्मशाला पहुंचे। इस अवसर पर महाराज ने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में देवताओं का वास है। इस पावन भूमि पर मेरा आना मेरे लिए भी परम सौभाग्य की बात है।
गाजियाबाद के मुरादनगर से दून पहुंचे महाराज चातुर्मास तक दून में ही रहेंगे। बृहस्पतिवार को महाराज चमन विहार, लालपुल, पटेलनगर, सहारनपुर चौक, झंडेजी, आढ़त बाजार, धामावाला, राजा रोड, जैन कॉलोनी से होते हुए पंचायती जैन मंदिर पहुंचे। इस दौरान रास्तेभर महाराज का दूर दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। जैन मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में नन्हे मुन्हें बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देकर सबको मंत्रमुग्ध किया। समाज की मीडिया प्रभारी मंजू जैन ने बताया कि 15 जुलाई को मंगल कलश की स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। 16 जुलाई को गुरुपूर्णिमा और 17 जुलाई को वीर शासन जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर नरेश बंसल, विनय गोयल, डॉ. राकेश जैन, जैन समाज के अध्यक्ष विनोद जैन, महामंत्री हर्ष जैन, मंत्री संजय जैन, सुकुमार जैन, अनिल जैन, परवीन जैन, विनय जैन, संदीप जैन आदि मौजूद रहे।