पंचायत के फरमान से शादी के तीसरे ही दिन टूटा सात जन्मों का बंधन, विवाहिता को प्रेमी संग भेजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के रुड़की में शादी के फेरे लेते वक्त ली गईं सात जन्म साथ निभाने की कसमें तीन ही दिन में टूट गईं। शादी के तीसरे ही दिन भरी पंचायत में विवाहिता अपने प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। पंचायत ने भी विवाहिता की जिद देखते हुए उसे प्रेमी के साथ भेजे जाने का फरमान सुनाया। शादी में दिया गया सामान और एक दूसरे का खर्च पर भी समझौता हुआ।
इसी शनिवार भगवानपुर क्षेत्र स्थित एक गांव की रहने वाली युवती की शादी क्षेत्र के ही एक गांव के युवक के साथ हुई थी। शादी के अगले ही दिन रविवार को थाना मंगलौर क्षेत्र का एक युवक विवाहिता की ससुराल में पहुंच गया।
वहां उसने खुद को विवाहिता का प्रेमी बताते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी युवक को हिरासत में ले लिया था।
इसके बाद पंचायत बैठी। विवाहिता और प्रेमी युवक भरी पंचायत में एक साथ रहने की जिद पर अड़ गए। विवाहिता के ससुराल वाले और मायके वाले लोग बस देखते ही रह गए। प्रेमी युगल के सामने पूरी पंचायत ने हार मान ली।
एक दूसरे का शादी में हुआ खर्च और सामान लौटाने पर समझौता हुआ। विवाहिता को उसकी मर्जी के मुताबिक प्रेमी संग भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष संजीव थपलियाल का कहना है कि, ससुराल और मायके वालों के बीच आपसी सहमति होने के बाद विवाहिता प्रेमी संग भेजा गया है। वहीं दोनों ने कोर्ट मैरिज करने का दावा किया है।