10 दिन से लोगों को डरा रहा था 8 फीट लंबा अजगर, पकड़ने में वन विभाग की टीम के छूटे पसीने
देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र वासियों को पिछले दस दिन से सता रहा सांप को बृहस्पतिवार को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया है। सांप के डर से लोगों का घर से बाहर निकल पाना मुश्किल हो गया था। ऐसे में मोहब्बेवाला निवासी छाया ने क्षेत्र में सांप होने की खबर वन विभाग की टीम को दी।
सांप की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सांप को पकड़ लिया। छाया ने बताया कि क्षेत्र में सांप के होने की सूचना से लोगों में डर का मंजर बना हुआ था। लोग घर से बाहर निकलने को डर रहे थे। सांप के पकड़े जाने के बाद से लोगों ने राहत की सांस ली है।
बता दें कि हाल ही में देहरादून के भोगपुर से ही विशालकाय अजगर (बर्मीस पायथन) पकड़ा गया था। पायथन एक पेड़ पर निढाल पड़ा हुआ था। दरअसल,10 फीट लंबे अजगर ने एक बंदर को निगल लिया था।
भारी भरकम अजगर को काबू करने के बाद पास के जंगल में छोड़ दिया गया। टीम लीडर रवि जोशी ने बताया कि, अजगर बेहद बड़ा था। उसे पकड़ना काफी मुश्किल भरा काम था, लेकिन वह एक ही जगह पर बैठा था इसलिए जल्दी पकड़ में आ गया।