पटियाला से फरार गैंगस्टर दून में गिरफ्तार: एसटीएफ उत्तराखंड और पंजाब पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में पकड़ा गया हरवीर सिंह
पटियाला से फरार चल रहे गैंगस्टर की तलाश दून में खत्म हुई। हत्यारोपी हरवीर सिंह ने पूछताछ में बताया कि रंजिश के चलते पांच अप्रैल को वारदात को अंजाम दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कबड्डी क्लब के प्रधान धरमिंदर सिंह भिंदा की हत्या के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पटियाला के कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग के शूटर एवं मुख्य आरोपी को प्रेमनगर के मांडूवाला से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पटियाला में अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से यहां छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि छह अप्रैल को हरवीर सिंह निवासी गुणकलान, पटियाला, पंजाब ने अपने छह साथियों के साथ मिलकर कबड्डी क्लब के प्रधान धरमिंदर सिंह भिंदा (31) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। थाना अर्बन स्टेट, जनपद पटियाला, पंजाब में हत्या और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही हरवीर और उसके साथी फरार चल रहे थे।
उनकी तलाश के लिए पंजाब गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स ने 14 अप्रैल को एसटीएफ देहरादून से संपर्क किया था। मामले की गंभीरता को समझते हुए एसटीएफ ने अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पिछले तीन-चार दिनों में बाहर से आने वाले व्यक्तियों की तलाश के लिए सभी होटलों और हॉस्टल के बारे में जानकारी ली गई। पता चला कि दो दिन पूर्व ही मांडूवाला, प्रेमनगर में एक युवक बाहर से आकर हॉस्टल में रुका है।
मांडूवाला में दबिश देकर आरोपी हरवीर को किया गिरफ्तार
एसटीएफ देहरादून और पंजाब गैंगस्टर विरोधी टास्क फोर्स ने मांडूवाला में दबिश देकर आरोपी हरवीर को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में उसने बताया कि उसकी जुगनू निवासी पटियाला से रंजिश चल रही थी। पांच अप्रैल को जुगनू ने अपने अन्य साथियों को बुला लिया। उसने भी अपने छह साथियों को बुला लिया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच फायरिंग होने लगी। इसी दौरान धरमिंदर सिंह भिंदा की गोली लगने से मौत हो गई। आरोपी ने बताया कि दोनों गुट वर्चस्व के लिए गैंगवार कर रहे थे। घटना के बाद सभी चंडीगढ़ आ गए। यहां से अलग-अलग होकर निकल गए। वह बस से देहरादून आया और एकांत की तलाश करते हुए मांडूवाला में आकर रुका था। एसएसपी ने बताया कि हरवीर गैंगस्टर लॉरेंस विश्नोई गैंग का सदस्य है। लॉरेंस विश्नोई तिहाड़ जेल, दिल्ली में बंद है। हरवीर को पंजाब पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। टीम में एसआई नरोत्तम बिष्ट, कांस्टेबल दीपक चंदोला, प्रमोद के साथ एसटीएफ उत्तराखंड की तकनीकी टीम और पंजाब पुलिस के जवान थे।
एक साल में पंजाब पुलिस के साथ एसटीएफ का चौथा अभियान
अपराधियों की धरपकड़ के लिए उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस का एक साल में यह चौथा संयुक्त अभियान था। इससे पहले जनवरी में पंजाब के पठानकोट बम ब्लास्ट के साजिशकर्ता को शरण देने के मामले में ऊधमसिंह नगर के चार आरोपियों को उत्तराखंड एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था। इसी साल जनवरी में पाकिस्तान बॉर्डर से 40 किमी दूर डोगरा फरीदकोट (पंजाब) में उत्तराखंड एसटीएफ ने अरबों की मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रोहित कुमार को गिरफ्तार गिरफ्तार किया था। 2021 में पंजाब के वांछित गैंगस्टर संदीप सिंह उर्फ भला शेखू, फतेह सिंह उर्फ युवराज, अमनदीप सिंह और जगवंत सिंह ने ऊधमसिंह नगर के काशीपुर थाना क्षेत्र में शरण ली थी। पंजाब पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर चारों को काशीपुर स्थित एक फार्म हाउस से हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। एसटीएफ प्रभारी ने बताया कि उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स संगठित अपराध पर लगातार नजर रख रही है। लगातार पड़ोसी और अन्य राज्यों की पुलिस के संपर्क में है।