Gangotri Highway: रतूड़ीसेरा में गिरे बोल्डर; चपेट में आकर 100 मीटर गहरी खाई में गिरा मजदूर, हायर सेंटर रेफर
मजदूरों की एक टीम सड़क के ऊपर से पहाड़ी के लटके भाग को तोड़ रही थी। इस दौरान अचानक एक बोल्डर पहाड़ी से गिरने के कारण नीचे कार्य कर रहा बंगाल निवासी मजदूर उसकी चपेट में आ गया।
विस्तार
गंगोत्री हाईवे पर रतूड़ीसेरा में पहाड़ी पर हो रहे ट्रीटमेंट कार्य और नदी के ओर से हो रहे सुरक्षात्मक कार्यों में सुरक्षा मानकों में बड़ी लापरवाही देखने को मिली। बृहस्पतिवार दोपहर नदी की ओर से कार्य कर रहे पश्चिम बंगाल के मजदूर के ऊपर बोल्डर गिर गया जिससे वह करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने रस्सियों के सहारे उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को गंगोत्री हाईवे पर रतूड़ीसेरा में चल रहे ट्रीटमेंट कार्य के दौरान दोनों ओर यातायात रोका गया था। इस दौरान मजदूरों की एक टीम सड़क के ऊपर से पहाड़ी के लटके भाग को तोड़ रही थी। दूसरी ओर सड़क से नीचे नदी की ओर से चल रहे सुरक्षात्मक कार्य के दौरान अन्य मजदूर जालों को लगाने के लिए ड्रिल कर रहे थे।
उसी समय अचानक एक बोल्डर पहाड़ी से गिरने के कारण नीचे कार्य कर रहे पश्चिम बंगाल निवासी मजदूर रोहन उसकी चपेट में आ गया। वह बोल्डर के साथ करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरा। घटना के समय वहां पर मौजूद मजदूरों ने आनन-फानन में गंभीर घायल मजदूर को रस्सियों के सहारे सड़क तक लाए।
Badrinath Highway: भनेरपाणी में तीन घंटे बंद रही आवाजाही, जाम से तीर्थयात्री रहे परेशान; पानी तक नहीं मिला
उसके बाद उसे उपचार के लिए के जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। वहां पर भी एंबुलेंस के लिए उसे इंतजार करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शी सुभाष बडोनी ने बताया कि कार्यदायी संस्था की ओर से बरसात के दौरान सुरक्षा के मानकों की अनदेखी की जा रही है।
मजदूरों को कार्य करते समय हेल्मेट व सुरक्षा उपकरण नहीं दिए गए हैं। साथ ही बीआरओ की यह लापरवाही कभी भी बरसात में बड़ी घटना का कारण बन सकती है। पहाड़ी पर झूल रहे हल्के भाग को रोकने के लिए कोई उचित इंतजाम नहीं है। बीआरओ कमांडर राजकिशोर ने बताया कि अभी जानकारी के अनुसार एक मजदूर घायल हुआ है। वहां पर सुरक्षा मानकों के प्रयोग के लिए कार्यदायी संस्था को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं।