PM मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के पीछे चल रहा 'काला कारनामा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट 'मेक इन इंडिया' की आढ़ में पश्चिम बंगाल की एक कंपनी का ऑनलाइन काला कारनामा सामने आया है।
सितारगंज औद्योगिक नगरी में फर्जी तौर पर कंपनी दिखाकर हजारों बेरोजगारों के साथ ठगी की गई है। ये कंपनी वेबसाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ ड्रीम प्रोजेक्ट के साथ नौकरी का भ्रम फैला रही है।
कंपनी की ओर से आवेदकों के 7760 पदों पर ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उनके कांटेक्ट नंबर के माध्यम से नौकरी के नाम पर लाखों रुपये अलग से वसूला जाना बताया जा रहा है। इसे लेकर खुफिया तंत्र और पुलिस महकमा जांच में जुटा है।
पश्चिम बंगाल की एनएसीएस कंपनी की ओर से अपनी ऑनलाइन वेबसाइट एनएसीएसइंडियाडॉटइन पर एनएसीएस लिमिटेड का कारपोरेट ऑफिस सितारगंज की औद्योगिक नगरी में एनएसीएस हाउस, सी-60 सिडकुल, सिडकुल इंडस्ट्रीयल एरिया फेस-1, इंडस्ट्रीयल पार्क सितारगंज ऊधमसिंह नगर दिया गया है।
इस कंपनी में 7760 विभिन्न पदों पर भर्तियां निकाली गई हैं। ये भर्तियां सिर्फ पूर्वोत्तर राज्यों में ही निकाली गई हैं। मामले का खुलासा पोस्ट ऑफिस में पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश के बेरोजगारों के स्पीड पोस्ट व साधारण डाक के आवेदन आने से हुआ है।
पोस्टमैन सुदामा प्रसाद जब 12 नवंबर से एनएसीएस कंपनी के नाम पर आए आवेदन जब बांटने पहुंचे तो इस नाम की कोई फैक्ट्री न होने पर उन्हें सभी आवेदन वापस करने पड़े। हकीकत जानना चाही तो वेबसाइट के पते पर सिडकुल में एनएसीएस नाम की कोई कंपनी ही नहीं है।
इसी से मिलते हुए प्लाट सी-60 ए पर वर्तमान में एसएसपी प्राइवेट लिमिटेड, सी-60बी पर पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और सी-60सी पर गुजरात अंबुजा एक्सपोर्ट लिमिटेड कंपनी चल रही है। एल्डिको के एरिया मैनेजर संदीप चावला ने बताया कि सिडकुल फेज-1 में सी-60 नाम से न तो प्लाट है और न ही कोई फैक्ट्री। इस नाम से कोई प्लाट भी आवंटित नहीं किया गया है।
आठ देशों में दिखाया है कंपनी का कारोबार
एनएसीएस लिमिटेड कंपनी की वेबसाइट पर आवेदकों को लुभाने के लिए आठ देशों में कारोबार दिखाया है, जिनमें भारत के अलावा चीन, थाईलैंड, सिंगापुर, आस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका और अरब देश शामिल हैं।
भारत में जिला ऊधम सिंह नगर में सितारगंज सिडकुल इंडस्ट्रीयल पार्क और चंपावत जिले के लोहाघाट, जम्मू कश्मीर के जिला बारामुल्ला में दोबगाह और पंजाब में रुपाना नॉर्थफील्ड्स मुक्तसर और केरल के कोच्चि अलुवा में इसकी यूनिट दिखाई गई हैं।
बोर्ड में अधिकतर बंगाली समुदाय के बनाए गए निदेशक
एनएसीएस कंपनी के बोर्ड में जेके खेड़ा चेयरमैन व प्रबंध निदेशक और वाइस चेयरमैन भुवन पोद्दार का नाम है। 34 डायरेक्टर और पदाधिकारियों की सूची है जिनमें अधिकांश बंगाली समुदाय के ही लोगों को डायरेक्टर व पदाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड के डायरेक्टर प्रोजेक्ट का नाम राजीव सिंह दिया है।
पोस्ट ऑफिस में पहुंचे ये आवेदन
नाम - पता
उमाकांत पेगू - दिघोल गोराह जिला देमाजी आसाम।
उमानंद पेगू - देमाजी, आसाम।
मिस रूबी हजारिका - जिला देमाजी, आसाम।
बिल्टू घोष - कल्यानी जिला नादिया पश्चिम बंगाल।
उत्सल चर्तुपाध्याय - वर्धमान पश्चिम बंगाल।
इन पदों पर निकाली गई हैं भर्ती
एनएसीएस लिमिटेड द्वारा अरुणांचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, आसाम, मेघालय, त्रिपुरा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओड़ीसा, झारखंड, बिहार व छत्तीसगढ़ में इन पदों पर भर्ती निकाली गई हैं।
क्रमांक ------ पदनाम --- पद --- योग्यता --- स्केल ऑफ पे
1. जिला प्रबंधक - 483 - स्नातक - ग्रेड-पे 1900 (5200-20200)
2. कलेक्शन ऑफीसर - 1774 - इंटरमीडिएट - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
3. क्लर्क - 28 - स्नातक - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
4. डेस्क एक्जीक्यूटिव - 13 - इंटरमीडिएट - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
5. सुपरवाइजर - 39 - हाईस्कूल - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
6. एकाउंट मैनेजर - 13 - बी.कॉम (कॉमर्स) - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
7. एकाउंटेंट - 25 - बी.कॉम - (कॉमर्स) - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
8. वूमन इम्पॉवरमेंट मैनेजर - 614 - हाईस्कूल - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
9. ग्रामीण विकास प्रबंधक - 743 - 12वीं पास - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
10. रिलेशन डेवलपमेंट ऑफीसर - 483 - स्नातक - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
11. सेल्स एक्जीक्यूटिव - 1774 - हाईस्कूल - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
12. बीडीओ - 1771 - हाईस्कूल - ग्रेड-पे 1800 (5200-20200)
पूर्वोत्तर राज्य के खुफिया विभाग के शीर्ष अधिकारी ने कुछ दिन पहले इस संबंध में जानकारी मांगी थी। जिस पर मामले की जांच कराई तो जांच में मौके पर एनएसीएस नाम की कोई कंपनी नहीं पाई गई। जबकि, इस कंपनी ने पूर्वोत्तर राज्य में वैकेंसी निकाली है। ये कंपनी वेबसाइट के माध्यम से वैकेंसी के नाम पर ठगी का काम कर रही है। जिसकी रिपोर्ट भेज दी गई है।
- केवल खुराना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (ऊ.सिं.नगर)