उत्तराखंड: हल्द्वानी में दिन दहाड़े स्कूटी सवार युवक की गोली मारकर हत्या, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के हल्द्वानी में महिला मित्र के साथ स्कूटी से जा रहे युवा व्यवसायी नाजिम खान की भीमताल मार्ग पर अमृतपुर-चंदादेवी मोड़ के पास बाइक सवार युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से सनसनी मच गई।
हमलावरों ने व्यवसायी की दाहिनी आंख पर गोली मारी थी जो सिर को चीरते हुए बाहर निकल गई। पुलिस महिला मित्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इधर, 18 दिन के भीतर हल्द्वानी में गोली कांड में दो हत्याओं से लोग गुस्से में हैं और पुलिस प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं।
इंदिरानगर वार्ड-33 निवासी 31 वर्षीय नाजिम खान पुत्र रियासत खान पटेल चौक पर लेडीज कपड़े और दवा बेचने का काम करता था। बृहस्पतिवार सुबह वह घर से दुकान खोलने के लिए स्कूटी से निकला था। अपराह्न करीब पौने चार बजे उसके बड़े भाई वाजिद उर्फ ‘राजू’ को एक महिला ने फोन कर जानकारी दी कि नाजिम का एक्सीडेंट हो गया है, उसे अस्पताल लाया जा रहा है।
नाजिम खान तीन भाइयों में छोटा था
बकौल वाजिद टेढ़ी पुलिस स्थित एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि भाई की हादसे में नहीं बल्कि गोली लगने से मौत हो गई है। पुलिस ने व्यवसायी के साथ मौजूद रही महिला को हिरासत में ले लिया है।
महिला बड़ी मस्जिद के पास रहती है। पुलिस के मुताबिक महिला ने बताया कि नाजिम को पीछे से आ रहे बाइक सवारों ने गोली मारी है, लेकिन वह उन्हें नहीं पहचानती है। वह बोलेरो से नाजिम को लेकर अस्पताल आई थी। नाजिम खान तीन भाइयों में छोटा था।
उसका निकाह 27 नवंबर को फौजिया के साथ हुआ था। फौजिया इन दिनों रामपुर जिले के टांडा स्थित अपने मायके गई है। एसएसपी सुनील कुमार मीणा, एसपी सिटी अमित कुमार श्रीवास्तव, सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने मौके का मुआयना कर नाजिम के भाइयों वाजिद और शानू से पूछताछ की।
दो युवकों के नाम सामने आए
पुलिस ने अमृतपुर के रास्ते पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो बनभूलपुरा के दो युवकों के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि हत्या की वजह अब तक नहीं पता चल सकी है। कई सवाल हैं, जिनके जवाब कातिलों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेंगे।
फोरेंसिक विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. दयाल शरण ने मौके का मुआयना किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से फुट प्रिंट, फिंगर प्रिंट के अलावा खून के साक्ष्यों को एकत्रित किया। फोरेंसिक टीम का मानना है कि वारदात के समय नाजिम स्कूटी पर सवार था। महिला पीछे बैठी थी। इसी कारण खून स्कूटी के स्पीड मीटर से लेकर नीचे तक गिरा है।
अनसुलझे सवाल
- दुकान खुली छोड़कर नाजिम महिला के साथ आखिर कहां जा रहा था?
- महिला ने नाजिम को गोली लगने के बाद उसे अपना पति क्यों बताया?
- महिला ने नाजिम के भाई से गोली लगने की बात क्यों छिपाई?
- महिला ने घटना की सूचना भाई को इतनी देर से क्यों दी?
- महिला के बारे में जब नाजिम के परिजन नहीं जानते हैं तो उसके पास वाजिद का नंबर कैसे आया?