हरिद्वार: युवती से छेड़छाड़ पर दो समुदाय के लोगों में मारपीट, तनाव के बाद गांव में पीएसी तैनात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार में बहदराबाद क्षेत्र के शांतरशाह गांव में युवती से छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मामला दो समुदाय का होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
आनन फानन में पहुंची पुलिस ने मामले को किसी तरह संभाला। पुलिस के एक बार मामला शांत करने के बाद दोनों समुदाय के लोग एक बार फिर आमने-सामने आ गए। स्थिति को देखते हुए गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
शांतरशाह गांव निवासी दो भाई-बहन रात करीब दस बजे कांवड़ यात्रा देखकर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में दूसरे समुदाय के युवक ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती के भाई ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी।
युवक ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। कुछ ही देर में दोनों समुदाय के लोग बड़ी संख्या में आमने सामने आ गए और दोनों पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। सूचना पर एसओ राजीव उनियाल पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे।
यहां उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। इसके बाद एक पक्ष के लोगों ने युवती से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए चौकी में हंगामा कर दिया। यहां दूसरे पक्ष के लोग भी आ गए और हंगामा करने लगे। यहां भी पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर वापस भेज दिया। मगर गांव में पहुंचने पर दोनों समुदाय के लोग फिर से आपस में भिड़ गए।
इसपर पुलिस फिर मौके पर पहुंची। इसके बाद गांव में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। साथ ही तनाव को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स को भी बुला लिया गया।
पुलिस फोर्स के पहुंचने पर दोनों पक्ष इधर उधर हो गए। एसएसपी जन्मेजय प्रभाकर खंडूड़ी के निर्देश पर गांव में पीएसी व पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। एसओ राजीव उनियाल ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने तहरीर नहीं दी है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।