खाना देने में दरी हुई तो हैवान बना पिता, सवा साल के बच्चे को पत्नी की गोद से छीनकर जमीन पर पटका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
खाना परोसने में देरी से गुस्साए युवक ने सवा साल के मासूम बेटे को पत्नी की गोद से छीनकर जमीन पर पटक दिया। इससे मासूम बेहोश हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
महेशपुरा निवासी युवक सरकारी अस्पताल में ठेकेदार के अधीन सफाई का काम करता है। 16 अप्रैल की दोपहर वह काम से घर लौटा। दूसरे के घरों में काम करने वाली पत्नी भी कुछ देर पहले ही काम से लौटी थी और छोटे बेटे को स्तनपान करा रही थी।
इस दौरान युवक ने पत्नी से खाना परोसने को कहा तो पत्नी ने पांच मिनट इंतजार करने की बात कही। इस पर युवक आपा खो बैठा और पत्नी से गालीगलौज करते हुए उसकी गोद से बेटे को छीनकर जमीन पर पटक दिया।
सिर पर चोट लगने से मासूम बेहोश हो गया। पत्नी ने पड़ोसियों की मदद से घायल बेटे को मुरादाबाद रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे आईसीयू में रखा गया है। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रवि सहोता ने बताया कि घायल बच्चे के दिमाग में सूजन है।
इधर, महिला की तहरीर पर पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है। खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नही हो सका था। बांसफोड़ान चौकी प्रभारी मुकेश मिश्रा ने बताया महिला ने पति के खिलाफ तहरीर दी है। बच्चे का इलाज चल रहा है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
नशेड़ी है युवक
पत्नी की गोद से बच्चे को पटकने वाला युवक नशे का आदी है। सरकारी अस्पताल में ठेकेदार के अधीन सफाई का काम करता है। उसका ससुर भी राजकीय चिकित्सालय में स्वच्छक के पद पर कार्यरत है। उसका बड़ा बेटा पांच और छोटा बेटा सवा साल का है।
पत्नी लोगों के घरों में सफाई कर परिवार चलाने में मदद करती है। काम पर जाने से पहले वह अपने छोटे बेटे को पड़ोस में रहने वाली बहन के पास छोड़ जाती है, जबकि बड़े बेटे को अपने साथ ले जाती है।