किसान को बैंक से मिला नोटिस, सदमे में जहर खाकर दे दी जान
बैंक से नोटिस मिलने से तनाव में आए युवा किसान बलविंदर सिंह सरना ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इससे गुस्साए परिजनों ने केलाखेड़ा थाने में हंगामा किया। प्रशासन ने आत्महत्या के कारणों की जांच कराने की बात कही है।
कर्ज के बोझ में किसान की आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। इससे पहले पिथौरागढ़ के बेरीनाग और यहां खटीमा में एक-एक किसान इसी वजह से खुदकुशी कर चुके हैं।
बांसखेड़ी भजुआनंगला निवासी बलविंदर (39) पुत्र मलूक सिंह सरना पर पीएनबी बेरिया दौलत का 7 लाख 49 हजार 896 रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार बैंक की ओर से नोटिस देकर 30 जून को ऋण जमा कराने की हिदायत दी गई थी।
हालांकि यह तिथि निकल गई थी लेकिन रकम का इंतजाम न होने पर बलविंदर का तनाव बढ़ता जा रहा था। उसके हिस्से में चार एकड़ कृषि भूमि बताई गई है। वह खेतीबाड़ी के साथ साथ घर के आगे परचून की दुकान भी चलता था।
बलविंदर ने करीब 12 साल पहले गांव बेरिया दौलत स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 4 लाख 75 हजार रुपये का ऋण लिया था। यही रकम ब्याज लगकर 749896 रुपये हो गई थी।
परिजनों के अनुसार फसलों का वाजिब दाम न मिलने और खेतीबाड़ी में हो रहे नुकसान के कारण वह ऋण जमा नहीं कर पा रहा था। उस पर सहकारी समिति और भाई, पिता के संयुक्त खाते का भी कर्ज है।
उसको पीएनबी बेरिया दौलत के प्रबंधक की ओर से अंतिम नोटिस भेजकर 30 जून तक बैंक में उपस्थित होकर कर्ज चुकाता करने को कहा गया था लेकिन वह पैसों का इंतजाम नहीं कर सका।
बुधवार सुबह छह बजे बलविंदर सिंह सरना ने घर में जहर खा लिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए। वहां से रेफर करने पर उसे रुद्रपुर स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने केलाखेड़ा थाने पहुंचकर एसओ राजेश कुमार को तहरीर सौंपी। एसडीएम पीएस राणा ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीएम पीएस राणा ने बताया कि बलविंदर सिंह सरना की मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वास्थ्य या दूसरे कारणों से मृत्यु समेत सभी पहलुओं पर पुलिस गहनता से जांच करेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत कारणों की पुष्टि होगी। मृतक के घर से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस संबंध में एसडीएम की रिपोर्ट आई है। मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी।
-डॉ. नीरज खैरवाल डीएम यूएसनगर