Dehradun: ये है वीवीआईपी राजपुर रोड... यहां पिंक तो छोड़िए सार्वजनिक शौचालय तक नहीं
दून में दिलाराम चौक से लेकर मसूरी डायवर्जन तक व्यस्तम रोड है। इसी रोड से होकर देशी-विदेशी पर्यटक मसूरी, धनोल्टी के लिए जाते हैं, लेकिन इस वीवीआईआई रोड पर सुविधाओं का अभाव है।
विस्तार
शहर की वीवीआईपी रोड कही जाने वाली राजपुर रोड पर रोज हजारों की संख्या में देश के ही नहीं बल्कि विदेशी पर्यटक भी गुजरते हैं। इस रोड पर दिलाराम चौक से मसूरी डायवर्जन तक करीब पांच किलोमीटर की दूरी में पिंक टायलेट तो दूर, एक अदद सार्वजनिक शौचालय तक नहीं है। इसके कारण पर्यटकों को मुश्किलों से जूझना पड़ता है।
दून में दिलाराम चौक से लेकर मसूरी डायवर्जन तक व्यस्तम रोड है। इसी रोड से होकर देशी-विदेशी पर्यटक मसूरी, धनोल्टी के लिए जाते हैं, लेकिन इस वीवीआईआई रोड पर सुविधाओं का अभाव है। सालों पहले जाखन में एक शौचालय हुआ करता था, लेकिन यहां इसके सामने बड़े-बड़े कॉम्प्लेक्स खड़े हो गए। शौचालय को जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण हो गया। इससे यह धीरे-धीरे बदहाल होता गया। अब स्थिति यह है कि यहां शौच के लिए जाना तो दूर इसकी तरफ देखना भी कोई पसंद नहीं करता।
यहां अंदर पूरी गंदगी भरी है। न नल है न पानी। स्थानीय लोग कई बार इसे ठीक कराने की मांग उठा चुके हैं, लेकिन कोई इसकी सुध नहीं ले रहा है। ऐसे में स्थानीय दुकानदारों को भी यहां खुले में शौच के लिए जाना पड़ता है।
वॉकिंग ट्रैक तो बनाया, लेकिन शौचालय की व्यवस्था नहींI
एमडीडीए ने करोड़ों रुपये खर्च कर एनआईईपीवीडी से लेकर जाखन तक सड़क के दोनों तरफ खूबसूरत वाकिंग ट्रैक बनाया है। यहां लोगों के लिए बेंच लगाई गई हैं। शाम और सुबह और दोपहर को यहां बड़ी संख्या में लोग घूमते और बैठते हैं। करीब 20 करोड़ खर्च कर खूबसूरत वॉकिंग ट्रैक तो बना दिया, लेकिन यहां शौचालय बनवाना एमडीडीए भूल गया। इससे यहां भी लोग खुले में शौच करने को मजबूर हैं।
दिलाराम चौक से लेकर मसूरी डायवर्जन तक शौचालय न हाेना चिंता की बात है। जाखन में बने शौचालय की मरम्मत के लिए कई बार स्थानीय लोग मांग कर चुके हैं, लेकिन कोई सुध नहीं लेता।
जगदीश चौहान, संयोजक जाखन व्यापार मंडलI