दोस्तों संग घूमने निकले इंजीनियरिंग के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गेस्ट हाउस में मिला शव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने पहुंचे कुलसारी चमोली निवासी एक युवक की गेस्ट हाउस में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक श्रीनगर स्थित एक पॉलीटेक्निक संस्थान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र था।
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को कुलसारी चमोली निवासी अंकित कठैत (20) पुत्र विक्रम कठैत अपने दो दोस्तों गौरव तिवारी (रुद्रप्रयाग) और हिमांशु रावत (पौड़ी) के साथ राफ्टिंग के लिए ऋषिकेश आया था। गौरव और हिमांशु भी पॉलिटेक्निक के छात्र हैं।
ऋषिकेश में तीनों ने बस अड्डे के समीप एक गेस्ट हाउस में किराए पर कमरा लिया। रात में तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया। इसके बाद गौरव और हिमांशु सो गए। अंकित मोबाइल फोन में व्यस्त हो गया। कुछ देर बाद एक दोस्त की आंख खुली।
उसने अंकित को बेसुध देख जगाने की कोशिश की। पानी के छींटे मारने के बाद भी जब अंकित नहीं जगा तो गौरव और हिमांशु उसे राजकीय चिकित्सालय ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घरवालों को बिना बताए ऋषिकेश आया था अंकित
वरिष्ठ उप निरीक्षक मनोज नैनवाल ने बताया कि तीनों श्रीनगर स्थित एक पॉलीटेक्निक संस्थान में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र थे। दोनों दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। गेस्ट हाउस का रजिस्टर कब्जे में लेकर कमरे को सील कर दिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंकित के बड़े भाई पंकज कठैत का कहना है कि करीब 12 दिन पहले उसकी बात हुई थी। घरवालों को मालूम नहीं था कि अंकित दोस्तों के साथ राफ्टिंग करने ऋषिकेश गया है। वहीं गौरव और हिमांशु का कहना है कि रात करीब 12 बजे अंकित के बेसुध होने की जानकारी हुई।
अंकित के मुंह से झाग निकलता देख गेस्ट हाउस के कर्मचारी को सूचित किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा को भी फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंसकर्मी ने एक घंटे बाद पहुंचने की बात कही। इस पर अंकित को ऑटो से एसपीएस अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया।