देहरादूनः अवैध कब्जों पर फिर चलेगा हथौड़ा, चार टीमें तोड़ेंगी अतिक्रमण
- हाईकोर्ट के आदेश पर फरवरी और सितंबर में चला था अतिक्रमण हटाओ अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर में अतिक्रमण ध्वस्त करने के लिए एक बार फिर से टास्क फोर्स ने कमर कस ली है। इस सप्ताह के अंत तक टास्क फोर्स की चार टीमों को शहर में ध्वस्तीकरण के लिए उतारा जाएगा। हाईकोर्ट के आदेशों के बाद इस बार नए और पुराने सभी अतिक्रमण तोड़े जाएंगे।
अक्तूबर 2018 में हाईकोर्ट ने वर्ष 1938 की स्थिति के आधार पर अतिक्रमण चिह्नित कर ध्वस्त करने के आदेश दिए थे। इसके बाद फरवरी 2019 में करीब 20 दिन अभियान चला, लेकिन इसके बाद चुनावी आचार संहिता के चलते इसे रोक दिया गया। इसके बाद सितंबर 2019 को करीब तीन हजार अतिक्रमण ध्वस्त किए गए।
अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम को जिलाधिकारी सी रविशंकर ने अब फिर से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने के आदेश दिए हैं। बैठक में लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और राजस्व विभाग को नए पुराने अतिक्रमण की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सिंचाई विभाग, एमडीडीए, नगर निगम और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाने को कहा है।
कैनाल और त्यागी रोड के लिए अगल से समिति
जिलाधिकारी के आदेश पर कैनाल और त्यागी रोड से अतिक्रमण हटाने के लिए अलग समिति गठित की गई है। साथ ही डीएम ने प्रेमनगर में दोबारा हुए अतिक्रमण पर भी नजर रखने को कहा है। अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
1000 से ज्यादा जगह दोबारा अतिक्रमण
सितंबर माह में चलाए गए अभियान के दौरान पुराने अतिक्रमणों की स्थिति भी जांची गई थी। इस दौरान पाया गया था कि अभियान के बाद करीब 1000 स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण किया गया है। ऐसे में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए हैं।