हरिद्वारः बड़ी बहन ने गंगनहर में मासूम भाई को फेंका, नहर खंगाली, नहीं मिला शव
- सगी बहन ने चचेरी बहन के साथ मिलकर गंगनहर में फेंककर की थी भाई की हत्या
विस्तार
गंगनहर में फेंक दिए गए मासूम की तलाश में मंगलवार को जल पुलिस ने गंगनहर को खंगाला, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिल पाई। ज्वालापुर पुलिस ने भी गंगनहर किनारे सर्च ऑपरेशन चलाया। आरोपी किशोरियों को बाल संरक्षण गृह देहरादून में दाखिल कराया गया है।
ज्वालापुर क्षेत्र से लापता मासूम को उसी की ही सगी बड़ी बहन ने अपनी चचेरी बहन के साथ मिलकर गंगनहर में फेंक दिया था। सीसीटीवी फुटेज की मदद से ज्वालापुर पुलिस ने इस बेहद पेचीदी गुत्थी को सुलझाने में कामयाबी हासिल की थी।
परवरिश से आजिज और परिवार में अहमियत कम होने के चलते किया ऐसा
बेहद शातिर बहनों ने पूरे मामले का रुख मोड़ने के लिए कई कहानियां भी गढ़ दी थी, लेकिन सीसीटीवी फुटेज से सामना होने पर उन्होंने जुर्म कबूल ही लिया।
पुलिस ने खुलासा किया था परवरिश से आजिज और परिवार में अहमियत कम होने के चलते बहनों ने वारदात को अंजाम दिया था। कोतवाली प्रभारी योगेश सिंह देव ने बताया कि आरोपी किशोरियों को बाल संरक्षण गृह देहरादून में दाखिल करा दिया गया है।