देहरादूनः पुलिस से बचने की कोशिश में पलटी कार, एक छात्र की मौत
राजपुर क्षेत्र में मामूली झगड़े में साथी युवक को सबक सिखाने के इरादे से उठाना छात्रों के एक ग्रुप को भारी पड़ गया। अपहरण की खबर पर दौड़ी पुलिस से बचने के प्रयास में आरोपियाें की कार मधुर विहार (सहस्त्रधारा रोड) में खंभे से टकराकर पलट गई।
इसमें कार चला रहे अमरोहा के छात्र आकाश चौधरी की मौत हो गई। जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए। पुलिस ने अपहरण और कार से असलाह बरामदगी के दो मुकदमे दर्ज कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि दून के अलग-अलग शिक्षण संस्थानाें में पढ़ने वाले छात्र आकाश चौधरी (निवासी मछरिया, अमरोहा), आयुष कांबोज (निवासी बंसल विहार छुटमलपुर), शिवम डागर (निवासी सहदतपुर बीवी नगर बुलंदशहर), प्रशांत चौधरी (निवासी बुलंदशहर), रोहित बंसल (निवासी बहसुमा मेरठ), लक्की चौधरी (निवासी रुपोल बरेली) के अलावा यमंक त्यागी (निवासी नजीबाबाद बिजनौर), हेमंत और ध्रुव जाखन में एक साथ जिम करते थे।
मंगलवार शाम जिम के दौरान आकाश चौधरी पक्ष का यमंक त्यागी, हेमंत और ध्रुव पक्ष के साथ विवाद हो गया। उस समय दोनों पक्षों के युवा अपने-अपने कमरे में चले गए। देर रात आकाश चौधरी अपने साथियों के साथ शराब के नशे में यमंक त्यागी के कमरे में आ धमका।
आरोप लगाया कि उन्हाेंने उनके कमरे पर पत्थर फेंकने के साथ गाली-गलौज की।आरोपी अन्य साथियों के न मिलने पर यमंक को कार में जबरन बैठाकर ले आए। इसी बीच यमंक ने फोन कर साथी हेमंत और ध्रुव को घटनाक्रम की जानकारी देकर उन्हें जिम के बाहर आने को कहा। हेमंत और ध्रुव ने जाखन चौकी पुलिस को यमंक के अपहरण की सूचना दी। इस पर पुलिस सक्रिय हो गई।
एसपी के अनुसार छात्र हेमंत और ध्रुव के साथ पुलिस को देखकर घबराए चालक आकाश चौधरी ने कार को दौड़ा दिया। रास्ते में चीता मोबाइल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चीता सिपाहियों को पीछे हटकर खुद को बचाना पड़ा। उसके बाद आरोपी कैनाल रोड से होते हुए सहस्त्रधारा रोड की तरफ फरार हो गए।
रात करीब सवा दो बजे नशे एवं तेज रफ्तार में चालक कार से संतुलन खो बैठा और कार मधुर विहार में एक खंभे से टकरा गई। इस दौरान कार ने कई पलटे खाए। हादसे में कार चला रहा आकाश चौधरी (22), शिवम, प्रशांत चौधरी, आयुष कांबोज और यमंक त्यागी घायल हो गए। इसी बीच पीछा कर रही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घायलाें को मैक्स अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने आकाश चौधरी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पहला मुकदमा यमंक त्यागी ने बलवे, अपहरण, मारपीट और धमकी देने के आरोप में राजपुर थाने में कराया है। दूसरा मुकदमा रायपुर थाने में कार से तमंचा, तलवार और हॉकी स्टिक बरामदगी करने पर दर्ज किया गया है। आरोपी छात्र आयुष कांबोज, शिवम डागर, प्रशांत चौधरी, रोहित बंसल और लक्की चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शहर में देर रात शराब पीकर हुड़दंग करने वाले चालकों की धरपकड़ के लिए देर रात तक अब चेकिंग की जाएगी। मंगलवार देर रात मधुर विहार में हुआ हादसा दुखद है। छात्रों के अत्यधिक शराब पीने के कारण यह हादसा हुआ है।
-निवेदिता कुकरेती, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक