एक दिन पहले वूमंस अंडर-19 वन डे चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश को हराकर ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली उत्तराखंड की टीम का मंगलवार को दून पहुंचने पर जोरदार स्वागत हुआ। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की ओर से खुले वाहनों में टीम को शहर लाया गया।
बीसीसीआई बोर्ड ट्रॉफी जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली बेटियां मंगलवार को दून पहुंची। डाट काली मंदिर में पहुंचने के बाद बेटियों ने शीश नवाया और आशीर्वाद लिया। पूजा-अर्चना के बाद खिलाड़ी खुले वाहनों में सवार हुईं और लोगों का अभिनंदन करते हुए शहर में पहुंचीं। सुभाष रोड स्थित होटल में टीम, कोच व सहायक स्टाफ को सम्मानित किया गया। यहां खिलाड़ी ढोल की थाप पर जमकर थिरके। सीएयू सचिव महिम वर्मा ने कहा कि इस वर्ष बेटियों की कोचिंग पर शुरुआत से ही विशेष ध्यान दिया गया। उन्हें प्रैक्टिस कैंप के अलावा कर्नाटक में प्रैक्टिस मैच खेलने का मौका भी मिला, जिससे उनकी तैयारी बेहतर हो सकी। मुख्य कोच अनघा देशपांडे ने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता है। इस अवसर पर सीएयू के संरक्षक पीसी वर्मा, अध्यक्ष जोत सिंह गुनसोला, सचिव महिम वर्मा, प्रवक्ता संजय गुसाईं, मोहित डोभाल, अमित पांडे, सुनील चौहान, देवेंद्र सती मौजूद रहे।