भारत संवैधानिक अधिकार संरक्षण मंच ने देहरादून में प्रस्तावित मेट्रो लाइन को चकराता तक जोड़े जाने की मांग को लेकर एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा कि पिछले पांच वर्षों से रेल मंत्रालय की ओर से देहरादून में मेट्रो सेवा चलाने के लिए सर्वे किया जा रहा है। जिसको अब अंतिम रूप दिया जाना है। कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री व वर्तमान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की ओर से रेल लाइन बिछाने के लिए देहरादून से चकराता तक का सर्वे कराया गया था। जिस समय वे केंद्रीय राज्य रेल मंत्री थे, लेकिन अभी तक भारत सरकार ने उस ओर कोई कार्य नहीं किया। जिससे चकराता, साहिया, कालसी, बड़वाला, विकासनगर, हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, सुद्धोवाला के लोगों यातायात के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यदि मुख्यमंत्री प्रस्तावित प्रथम फेस में देहरादून के साथ सुद्धोवाला, सेलाकुई, सहसपुर, हरबर्टपुर, विकासनगर, बाढ़वाला, कालसी व चकराता को जोड़ने का काम करेंगे तो लाखों को यातायात की बेहतर सुविधाएं मिल पाएंगी। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर क्षेत्रवासियों के साथ गांधी पार्क के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की चेतावनी दी है। ज्ञापन भेजने वालों में दौलत कुंवर राष्ट्रीय संयोजक, सह संयोजक स्वराज चौहान, राष्ट्रीय अध्यक्ष महिला मोर्चा लक्ष्मी देवी, संरक्षक पुराण सिंह यादव, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र कुमार, सलाहकार बलजीत सिंह, शशि कुंवर राष्ट्रीय सचिव, सतीश कुमार, संजय कटारिया, धर्मपाल ,शांति प्रसाद, विपिन कुमार ,सूरज कुमार ,सुधीर कुमार ,मुकेश कुमार, राजबाला, ज्ञानोदय आदि मौजूद थे।