रेप कांड में फंसे हरक की गिरफ्तारी को दून पहुंची दिल्ली पुलिस!
रेप कांड में फंसे पूर्व मंत्री और भाजपा नेता हरक सिंह रावत की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस की तीन टीमों के उत्तराखंड में डेरा डालने की खबर है। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा संपर्क साधे जाने से इनकार करते रहे।
दिल्ली के सफदरजंग थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद से पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत गायब हैं। दिल्ली स्थित आवास पर न होने के बाद रावत के उत्तराखंड में आने की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है।
सोमवार तीसरे पहर खबर आई कि दिल्ली पुलिस की तीन टीमें हरक सिंह रावत की तलाश में देहरादून और प्रदेश के दूसरे हिस्सों में मौजूद हैं।
पुलिस अधिकारियों ने जानकारी से किया इनकार
हालांकि देर रात तक किसी इलाके में दबिश की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस भी इससे मना करती रही। एसएसपी सदानंद दाते का कहना कि मुकदमे को लेकर दिल्ली पुलिस ने अभी तक कोई संपर्क नहीं साधा है।
हो सकता है कि दिल्ली पुलिस आई हो, लेकिन उनसे किसी तरह की मदद नहीं मांगी गई है। उधर पुलिस महानिदेशक एमए गणपति ने ऐसी कोई जानकारी होने से इनकार किया है।