देहरादून : टॉयलेट में बेहोश मिली मासूम, बच्ची से दुष्कर्म में पुलिसकर्मी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
11 वर्षीय बच्ची के परिजनों ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने घर के टॉयलेट में बच्ची से दुष्कर्म किया, जिसके बाद बच्ची बेहोश हो गई। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पुलिसकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्टेट कंट्रोल रूम (डायल 112) में तैनात था। उसे दूरसंचार मुख्यालय ने निलंबित करते हुए विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की है। बच्ची के परिजनों ने रविवार शाम को धारा चौकी में इस बाबत तहरीर दी थी। मां के अनुसार उनकी बेटी शाम के वक्त घर के पिछले हिस्से में टॉयलेट गई थी। वह काफी देर तक नहीं लौटी तो मां टॉयलेट की तरफ गई। उन्होंने देखा कि दरवाजा अंदर से बंद है। इस पर वह दरवाजा जोर जोर से पीटने लगीं। तभी अंदर से उनका पड़ोसी बाहर आया और महिला को धक्का देकर भाग गया। अंदर देखा तो बच्ची बेहोश पड़ी थी।
महिला ने आरोपी का नाम संजीव जगूड़ी बताया है। सूचना मिलते ही पुलिस कप्तान के निर्देश पर सीओ सिटी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद ही आरोपी पुलिसकर्मी को क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाली इंस्पेक्टर शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (दुष्कर्म करने) और पोक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
रुद्रप्रयाग से संबंद्ध है पुलिसकर्मी
आरोपी पुलिसकर्मी संजीव जगूड़ी रुद्रप्रयाग से संबंद्ध है। यहां वह स्टेट कंट्रोल रूम में प्रधान संचालक के पद पर तैनात है। आरोपी को संचार मुख्यालय में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही उसकी विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।
नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आयोग ने तलब की रिपोर्ट
एक नाबालिग से पुलिस कर्मी पर दुष्कर्म करने का आरोप है। मामले में बाल आयोग ने एसएसपी देहरादून से एक सप्ताह में रिपोर्ट तलब की है। बाल आयोग की अध्यक्ष ऊषा नेगी ने कहा कि आयोग के संज्ञान में आया है कि पुलिस विभाग के एक एएसआई ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अध्यक्ष ने कहा कि धारा 5 और 9 के तहत नियमों का पालन करते हुए इस संबंध में जांच रिपोर्ट और अब तक हुई कार्रवाई से आयोग को एक सप्ताह में अवगत कराने के लिए एसएसपी देहरादून को निर्देश दिए गए है।