हाउस टैक्स जमा करने को नगर निगम ने शुरू किए कैंप, पहले ही दिन 23 लाख की वसूली
अगर आपने अपना हाउस टैक्स जमा नहीं कराया है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। नगर निगम मंगलवार से शहर के आठ वार्डों में कैंप लगाकर भवन कर वसूलना शुरू कर दिया है। अन्य वार्डों में कैंप की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। इस दौरान भवन कर करने पर 20 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं, कैंप के जरिये भवन करदाताओं को कंप्यूटराइज रसीदें दी जाएंगी।
जानकारी के अनुसार, पहले दिन करीब 23 लाख रुपए हाउस टैक्स वसूला गया। जिसमें 20 लाख से ज्यादा कार्यालय पर और ढाई लाख रुपए कैंप से वसूला गया। बता दें कि बीते दिनों मेयर सुनील उनियाल गामा की सख्ती पर कर अनुभाग के अधिकारियों की सुस्ती टूटी।
भवन कर जमा कराने पर भवन स्वामियों को 20 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। नगर आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि छूट की अंतिम तिथि 28 फरवरी कर दी है। इसके बाद भवन कर पर कोई छूट नहीं दी जाएगी।
वरिष्ठ कर अधीक्षक धर्मेश पैन्यूली ने बताया कि वित्तीय वर्ष में 25 करोड़ के सापेक्ष अभी तक 16 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है। कैंप लगने से काफी भवन कर आने की उम्मीद है। बताया कि हाउस टैक्स कलेक्शन को लेकर निगम ने कार्यालय के साथ ही वार्डों में भी कैंप लगाए थे।
कहा कि कैंपों में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक भवन कर जमा होगा। भवन स्वामी पिछले वर्ष की रसीद हर हाल में साथ लाएं, जिससे भवन कर जमा करने में आसानी हो। बताया कि बकायेदारों को जल्द ही नोटिस भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य वार्डों में कैंप की घोषणा जल्द की जाएगी।
इन वार्डों में लगेगा कैंप
वार्ड स्थान दिनांक कर एवं राजस्व निरीक्षक
सहस्त्रधारा रोड सामुदायिक भवन, राजेश्वर नगर फेज-1 6 फरवरी सुधा यादव
कृष्णनगर सत्संग भवन, स्ट्रीट नं-1 राजेंद्र नगर 7 फरवरी शरद डिमरी
धामावाला व झंडा मोहल्ला कालूमल धर्मशाला, राजा रोड 8 फरवरी अजय बहुगुणा
डोभालवाला नेशविला रोड, निकट चड्ढा की दुकान 11 फरवरी संजय कसाना
बल्लूपुर स्ट्रीट नं. 11 कौलागढ़ रोड 15 फरवरी दीपेंद्र बमोला
वसंत विहार पुरान पुलिस चौकी, वसंत विहार 16 फरवरी सुदेश जोशी